4600 वर्गमीटर भूमि पर नियमों के उल्लंघन का मामला, भारी पुलिस बल की मौजूदगी में हुई सीलिंग कार्रवाई
रामपुर। रामपुर विकास प्राधिकरण (RDA) ने अवैध निर्माणों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए शाहजमाली मैरिज हॉल को सील कर दिया।
प्राधिकरण के अनुसार मैरिज हॉल बिना आवश्यक स्वीकृति और मानचित्र पास कराए संचालित किया जा रहा था। सहायक अभियंता मनोज कुमार शिशौदिया ने बताया कि फरीद खां और मुतहिर खां द्वारा लगभग 4600 वर्गमीटर क्षेत्रफल में स्थित पुरानी फैक्ट्री को ध्वस्त कर उसके स्थान पर करीब 1460 वर्गमीटर क्षेत्र में शाहजमाली मैरिज हॉल का निर्माण एवं संचालन किया जा रहा था।
जांच में भूमि उपयोग और निर्माण संबंधी नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर प्राधिकरण ने संबंधित पक्षों को नोटिस जारी किया था।सुनवाई प्रक्रिया पूरी होने के बाद तत्कालीन सचिव द्वारा भवन को सील करने के आदेश पारित किए गए थे।
आदेश के अनुपालन के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग से सहयोग प्राप्त किया गया। मंगलवार को संयुक्त टीम ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में बिलासपुर गेट स्थित मैरिज हॉल को सील कर दिया।
कार्रवाई के दौरान विशेष कार्याधिकारी कुमार संजय, तहसीलदार रणवीर सिंह, सहायक अभियंता मनोज कुमार शिशौदिया, अवर अभियंता रविशंकर, प्रशांत कुमार, ओम प्रकाश मालवीय तथा थाना गंज पुलिस मौजूद रही।
आरडीए अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अवैध निर्माण, अनधिकृत कॉलोनियों और भूमि उपयोग नियमों के उल्लंघन के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
प्राधिकरण ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी भवन, प्लॉट या कॉलोनी में निवेश करने से पहले उसकी वैधता, स्वीकृत ले-आउट और मानचित्र की जानकारी प्राधिकरण से अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि भविष्य में आर्थिक और कानूनी परेशानियों से बचा जा सके।

