बाल साहित्य लेखन के लिए निर्मला सिंह को मिला ‘तितली लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड 2023’

लेखिका संघ के कार्यक्रम में मोना प्रधान के कहानी संग्रह ‘रिश्तों के इन्द्रधनुष का हुआ विमोचन

बरेली:‌साहित्यिक संस्था लेखिका संघ के तत्वावधान में सरदार भगत सिंह नेत्र चिकित्सालय के ऑडिटोरियम में लेखिका मोना प्रधान के कहानी संग्रह ” रिश्तों के इंद्रधनुष ” का विमोचन हुआ और वरिष्ठ साहित्यकार निर्मला सिंह का जन्मोत्सव मनाया गया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि सिया सचदेव, विशिष्ट अतिथि डाॅ शैव्या त्रिपाठी, कार्यक्रम अध्यक्ष गीता चौहान, संस्था संरक्षक निर्मला सिंह और अध्यक्ष तलत शमसी ने पुस्तक का विमोचन किया। निर्मला सिंह और तलत शमशी ने कहानी संग्रह ‘रिश्तों के इंद्रधनुष’ की भाषा शैली, कहानी के तत्व और कहानियों में निहित संदेशों की समीक्षा की।

मंचासीन मोना प्रधान, सिया सचदेव, गीता चौहान, डॉ शैव्या त्रिपाठी, निर्मला सिंह, तलत शमसी व दीप्ति पांडेय।

कार्यक्रम का प्रारंभ सभी अतिथियों द्वारा दीप प्रज्जवलित कर और मां शारदे की मूर्ति पर माल्यार्पण करके किया गया। मां शारदे की वंदना कवि इंद्रदेव त्रिवेदी ने प्रस्तुत की। कार्यक्रम का सफल एवं रोचक संचालन सचिव दीप्ति पांडे ने किया।

कहानी संग्रह ‘रिश्तों के इंद्रधनुष’ की लेखिका मोना प्रधान ने अपनी कहानियों के अंश सुनाकर समाज की विसंगतियों एवं उनका समाधान भी प्रस्तुत किया। कवि कमल सक्सेना ने मोना प्रधान का जीवन परिचय दिया।

लेखिका संघ की संस्थापक निर्मला सिंह का जन्मदिन उन्हें हार फूल पहनाकर मनाया गया। सभी सदस्य ने उन्हें जन्मदिन की बधाई दी और स्वस्थ जीवन की कामना की। इस मौके पर तितली सोसायटी ने उन्हें बाल साहित्य लेखन के लिए ‘तितली लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड 2023’ दिया। उन्हें ये अवार्ड तितली की अध्यक्ष तलत शमसी और सचिव फहीम क़रार ने संयुक्त रूप से दिया।

उपस्थित रचनाकारों द्वारा कविता पाठ भी किया गया। इनमें सिया सचदेव, राजेश गौड़, चित्रा जौहरी, कमल सक्सेना, मीना अग्रवाल, इंद्रदेव त्रिवेदी, मोना प्रधान, निर्मला सिंह, दीप्ति पांडे , ज्योत्सना कपिल, तलत शमशी, गिरिजा भारती, फहीम करार, सुरेंद्र बीनू सिन्हा, किरन प्रजापति, सीमा सक्सेना, कल्पना सक्सेना प्रमुख रहे।

कार्यक्रम का संयोजन डा हरवंश सिंह ने किया। कार्यक्रम का सफल संचालन सचिव दीप्ति पांडे ने किया और सभी का आभार उपाध्यक्ष चित्रा जौहरी ने किया।

ias Coaching , UPSC Coaching