उर्स-ए-ताजुश्शरिया: बरेली में हजारों जायरीन की सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम, शहर तीन सुपर जोन में बाँटा गया

बरेली,
उर्स-ए-ताजुश्शरिया 4 और 5 मई को मनाया जाएगा, जिसमें देशभर से हजारों जायरीन बरेली पहुँचेंगे। भीड़ और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने शहर को तीन सुपर जोन, पांच जोन, और 13 सेक्टरों में बाँटकर चाक-चौबंद व्यवस्था की है।

कोतवाली क्षेत्र की दरगाह ताजुश्शरिया और मथुरापुर स्थित मदरसा जामियातुर रजा को केंद्र मानते हुए यह सुरक्षा व्यवस्था बनाई गई है। जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे समय से अपने-अपने ड्यूटी स्थल पर मौजूद रहें और पुलिस अधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर शांति व्यवस्था सुनिश्चित करें।

प्रत्येक जोन और सेक्टर में दो शिफ्टों में अधिकारी तैनात रहेंगे ताकि ड्यूटी में कोई व्यवधान न आए। इस पूरी व्यवस्था की निगरानी एडीएम सिटी सौरभ दुबे करेंगे।

तैनात अधिकारी इस प्रकार हैं:

  • 10 जोनल मजिस्ट्रेट,
  • 28 सेक्टर मजिस्ट्रेट,
  • साथ ही 2 रिजर्व जोनल अधिकारी और 5 रिजर्व सेक्टर मजिस्ट्रेट भी नियुक्त किए गए हैं।

तीन सुपर जोन में शामिल क्षेत्र:

  1. सुपर जोन-1:
    कूंचा सीताराम से कुतुबखाना चौराहा, जिला पंचायत बिहारीपुर ढाल, दरगाह आला हजरत से सिटी सब्ज़ी मंडी तक।
    (प्रभारी: एडीएम प्रशासन पूर्णिमा सिंह)
  2. सुपर जोन-2:
    बरेली जंक्शन से चौपुला चौराहा, सिटी रेलवे स्टेशन, मिनी बाईपास से लेकर जीरो प्वाइंट परसाखेड़ा तक।
    (प्रभारी: एडीएम न्यायिक देश दीपक सिंह)
  3. सुपर जोन-3:
    मदरसा जामियातुर रजा मथुरापुर की संपूर्ण व्यवस्था।
    (प्रभारी: एडीएम वित्त एवं राजस्व संतोष बहादुर सिंह)

रेलवे जंक्शन की व्यवस्था की जिम्मेदारी एसडीएम बहेड़ी रत्निका श्रीवास्तव और डीडी मनरेगा हसीब अंसारी को सौंपी गई है।

प्रशासन की यह रणनीति उर्स के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने और जायरीन को किसी प्रकार की असुविधा से बचाने के लिए तैयार की गई है।