बरेली: आलोक यादव को दुष्यन्त और विश्वजीत सिंह निर्भय को मिला राकेश साहित्य सम्मान, कविताओं ने बांधा समां

बरेली में आयोजित भव्य काव्य संध्या एवं सम्मान समारोह में पीएफ कमिश्नर आलोक यादव को दुष्यंत स्मृति सम्मान और कवि विश्वजीत सिंह निर्भय को राकेश साहित्य सम्मान से सम्मानित किया गया। कैंट विधायक संजीव अग्रवाल की मौजूदगी में आयोजित कार्यक्रम में दोनों कवियों की शानदार प्रस्तुतियों ने श्रोताओं का दिल जीत लिया।

राष्ट्रीय कवि संगम एवं राकेश लोक चेतना संस्था की काव्य संध्या में उमड़ी साहित्य प्रेमियों की मौजूदगी, कैंट विधायक संजीव अग्रवाल रहे मुख्य अतिथि

बरेली। राष्ट्रीय कवि संगम, ब्रज प्रांत बरेली एवं राकेश लोक चेतना बरेली संस्था के संयुक्त तत्वावधान में खुशलोक सभागार में भव्य काव्य संध्या एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में साहित्य, कविता और सामाजिक सरोकारों का अनूठा संगम देखने को मिला। इस अवसर पर दिल्ली के पीएफ कमिश्नर आलोक यादव को ‘दुष्यंत स्मृति सम्मान‘ तथा कवि विश्वजीत सिंह निर्भय को ‘राकेश साहित्य सम्मान’ से सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कैंट विधायक संजीव अग्रवाल रहे, जबकि अध्यक्षता वरिष्ठ समाजसेवी एडवोकेट अनिल सक्सेना ने की। कार्यक्रम में संरक्षक डॉ. मोनिका अग्रवाल, विशिष्ट अतिथि निरुपमा अग्रवाल, खुशलोक अस्पताल के निदेशक डॉ. विनोद पगरानी एवं तूलिका गोयल की गरिमामयी उपस्थिति रही।

दुष्यंत स्मृति सम्मान से सम्मानित पीएफ कमिश्नर आलोक यादव ने अपनी रचना सुनाकर श्रोताओं को भावविभोर कर दिया। उनके ये पंक्तियां विशेष रूप से सराही गईं—

जिस दिन से तुम चले गए रिश्ते समेट कर, उस दिन से गांव में कोई मेला नहीं लगा।”

आलोक यादव

वहीं, राकेश साहित्य सम्मान से सम्मानित कवि विश्वजीत सिंह निर्भय ने अपनी संवेदनशील रचनाओं से श्रोताओं की खूब दाद बटोरी। उन्होंने सामाजिक विषमता और एक मजदूर की बेटी की परिस्थितियों को बयां करते हुए सुनाया।

“बहुत छोटी सी है दुनिया नजर में बंद रहती है, जुबां शायद किसी अनजान डर में बंद रहती है।

सुबह से शाम तक भूखी निगाहें देखकर अक्सर, वो इक मजदूर की बेटी है घर में बंद रहती है।”

विश्वजीत सिंह निर्भय

उनकी इन पंक्तियों ने श्रोताओं को समाज की वास्तविकताओं से रूबरू कराया और खूब सराहना हासिल की।

कार्यक्रम का प्रभावशाली संचालन कवि रोहित राकेश ने किया। समारोह में सीए शरद मिश्रा, विकास अग्रवाल, अतुल अग्रवाल, गुरविंदर सिंह, अशोक ठाकुर सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं साहित्य प्रेमी उपस्थित रहे।

काव्य संध्या एवं सम्मान समारोह ने साहित्यिक अभिव्यक्ति, सामाजिक संवेदना और रचनात्मक चेतना को एक मंच पर लाने का महत्वपूर्ण कार्य किया।