शाहजहांपुर, पीलीभीत और बदायूं से आएंगे नए अधिकारी, बरेली में तैनात सभी 12 BEO गैर-जनपद भेजे गए
बरेली। भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के क्रम में उत्तर प्रदेश शासन के बेसिक शिक्षा विभाग ने सोमवार, 16 नवम्बर 2026 को प्रदेश भर के खंड शिक्षा अधिकारियों (BEO) के बड़े पैमाने पर स्थानान्तरण की सूची जारी कर दी है। शासन के संयुक्त सचिव लाल मणि यादव द्वारा जारी इस आदेश का सीधा असर बरेली जनपद की बेसिक शिक्षा व्यवस्था पर पड़ा है। आदेश के तहत बरेली में तैनात 12 खंड शिक्षा अधिकारियों को गैर-जनपद भेजा गया है, जबकि आस-पास के जिलों से 12 नए अधिकारियों को बरेली की कमान सौंपी गई है।
बरेली से बाहर भेजे गए अधिकारी
स्थानान्तरण सूची के अनुसार बरेली से सर्वाधिक 5 अधिकारियों को शाहजहांपुर भेजा गया है। इनमें श्री भानू शंकर गंगवार, श्री शीश पाल, श्री सुनील कुमार शर्मा, श्री सतीश कुमार वर्मा और श्री विजय कुमार शामिल हैं। इसके अतिरिक्त डॉ० जगदीश कुमार, श्री शशांक शुक्ल और श्री मुकेश कुमार भारती को पीलीभीत स्थानान्तरित किया गया है। वहीं, श्री विवेक शर्मा, श्री राजेश कुमार और श्री पूरन सिंह को बदायूं तथा श्री अवनीश कुमार को रामपुर जनपद में नवीन तैनाती दी गई है।

बरेली में आने वाले नए अधिकारी
दूसरी ओर, बरेली जनपद को मिले 12 नए खंड शिक्षा अधिकारियों में सबसे अधिक 5 अधिकारी शाहजहांपुर से आ रहे हैं। इनमें श्री कृष्ण कुमार, श्री अजय कुमार, श्री रमेश पंकज, श्री नवीन कुमार और श्री विनय कुमार मिश्र के नाम शामिल हैं।
बदायूं से श्री राजेंद्र प्रसाद, श्री भूपेंद्र सिंह और श्री ज्योति प्रकाश तिवारी को बरेली भेजा गया है। पीलीभीत से श्री अमूल कुमार व श्री हर्षित शर्मा, लखीमपुर खीरी से श्री बृजराज सिंह और अमरोहा (जे०पी०नगर) से श्री अरुण कुमार भी अब बरेली में अपनी सेवाएं देंगे।
तत्काल कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश
शासन ने अपर शिक्षा निदेशक (बेसिक), प्रयागराज को निर्देशित किया है कि वे इस निर्णय के अनुसार तत्काल औपचारिक स्थानान्तरण आदेश निर्गत करें। साथ ही, महानिदेशक स्कूल शिक्षा, समस्त मण्डलायुक्तों और जिलाधिकारियों को स्थानान्तरित अधिकारियों का तत्काल अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं।


