रामपुर के भोट क्षेत्र में घंटों चला हाई-वोल्टेज ड्रामा, एएसपी बोले— जिले में इस तरह की यह तीसरी घटना
रामपुर। जनपद के भोट थाना क्षेत्र में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक अपनी नाबालिग प्रेमिका से शादी कराने की मांग को लेकर नैनीताल हाईवे किनारे लगभग 200 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गया।
युवक कई घंटों तक टावर पर बैठा रहा और नीचे उतरने से इनकार करता रहा, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।सूचना मिलते ही भोट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सुरक्षा व्यवस्था संभालते हुए आसपास लोगों की भीड़ को नियंत्रित किया।
स्थानीय लोगों के अनुसार युवक अपनी प्रेमिका से विवाह करना चाहता था, लेकिन लड़की के नाबालिग होने के कारण उसके परिजन इस रिश्ते के लिए तैयार नहीं थे। इसी बात से नाराज होकर युवक ने यह कदम उठाया।
पुलिस अधिकारियों ने युवक से लगातार बातचीत कर उसे समझाने का प्रयास किया। इस दौरान युवक के परिजनों और युवती के परिवार को भी मौके पर बुलाया गया। कई घंटे की मशक्कत और समझाने के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।
एएसपी अनुराग सिंह ने बताया कि युवक के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। युवती के परिजनों की ओर से मिली शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।
उन्होंने बताया कि रामपुर में इस प्रकार की यह तीसरी घटना है, जिसमें कोई युवक अपनी मांग मनवाने के लिए मोबाइल टावर पर चढ़ गया हो।पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है और कानूनी प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है।

तारिक अली खान वरिष्ठ पत्रकार एवं स्वतंत्र लेखक हैं, जो रामपुर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सामाजिक, राजनीतिक एवं प्रशासनिक विषयों पर लेखन करते हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में उन्हें 18 वर्षों से अधिक का अनुभव प्राप्त है। वे पूर्व में दैनिक जागरण, दैनिक भास्कर, पंजाब केसरी, अमर भारती, जनमत टुडे एवं जीएनएस यूपी जैसे प्रतिष्ठित समाचार संस्थानों से जुड़े रहे हैं। पत्रकारिता में उत्कृष्ट योगदान के लिए उन्हें गोल्ड मेडल से सम्मानित किया जा चुका है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनसरोकार आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है। साथ ही वे दि पँछी हेडलाइंस के चीफ एडिटर भी हैं।

