रोहित शर्मा ने टेस्ट क्रिकेट से लिया संन्यास, अब सिर्फ वनडे प्रारूप में भारत के लिए खेलेंगे

rohit sharma retirement

Rohit Sharma Retirement News: रोहित शर्मा ने टेस्ट क्रिकेट से लिया संन्यास, वनडे खेलना जारी रखेंगे

नई दिल्ली, 7 मई 2025 — भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने बुधवार को टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने की घोषणा कर दी है। इस फैसले के साथ ही उनके टेस्ट करियर को लेकर चल रही तमाम अटकलों पर विराम लग गया है। रोहित अब भारत के लिए केवल वनडे प्रारूप में खेलते नजर आएंगे।

38 वर्षीय रोहित ने अपने इंस्टाग्राम पर एक इमोशनल पोस्ट के ज़रिए यह जानकारी साझा की। उन्होंने अपनी टेस्ट कैप के साथ एक तस्वीर पोस्ट करते हुए लिखा,

“सभी को नमस्कार, मैं बस यह साझा करना चाहता हूं कि मैं टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले रहा हूं। सफेद जर्सी में अपने देश का प्रतिनिधित्व करना मेरे लिए बहुत सम्मान की बात रही है। इतने सालों तक मिले प्यार और समर्थन के लिए आपका शुक्रिया। मैं वनडे प्रारूप में भारत का प्रतिनिधित्व करना जारी रखूंगा।”

रोहित शर्मा

रोहित शर्मा ने 67 टेस्ट मैचों में भारत का प्रतिनिधित्व किया, जिसमें उन्होंने 12 शतक और 18 अर्धशतक की मदद से 4301 रन बनाए। उनका टेस्ट औसत 40.57 रहा।
वह भारत के लिए टेस्ट प्रारूप में अपने करियर के दूसरे चरण में बेहद सफल बल्लेबाज रहे। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल और बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में कप्तानी भी की।

अब इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली आगामी पांच टेस्ट मैचों की सीरीज़ के लिए भारत को एक नया टेस्ट कप्तान मिलना तय है। संभावित नामों में जसप्रीत बुमराह, लोकेश राहुल, शुभमन गिल, और ऋषभ पंत चर्चा में हैं।

हालांकि, रोहित का टेस्ट करियर अंतिम दौर में चुनौतीपूर्ण रहा। बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के दौरान उन्हें खराब फॉर्म के चलते टीम से बाहर बैठना पड़ा था। इसके बावजूद उन्होंने उस समय संन्यास से इनकार किया था। इसके अलावा, मुख्य कोच गौतम गंभीर के साथ उनके मतभेदों की अटकलें भी सुर्खियों में रहीं, हालांकि दोनों ने इन खबरों को खारिज किया था।

गौतम गंभीर ने पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि टीम चयन अब केवल प्रदर्शन आधारित होगा, और किसी ‘स्टार संस्कृति’ को टीम में बढ़ावा नहीं दिया जाएगा।

रोहित शर्मा के इस फैसले के साथ एक युग का अंत हुआ है, लेकिन वह अब भी वनडे प्रारूप में भारतीय टीम की अगुवाई करते रहेंगे, जिससे प्रशंसकों को उनकी बल्लेबाजी का लुत्फ उठाने का मौका मिलता रहेगा।

यह भी पढ़ें : पाकिस्तानी महिला से शादी पर गई CRPF जवान की नौकरी, अब मुनीर अहमद ने बताया पूरा सच