स्कूलों का विलय आने वाली पीढ़ी पर हमला : नरेश गंगवार

परिषदीय विद्यालयों के विलय के खिलाफ शिक्षकों और संगठनों ने मोर्चा खोला, ‘शिक्षा बचाओ मोर्चा बरेली’ का गठन
up school merge

बरेली। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा परिषदीय विद्यालयों के विलय के फैसले के खिलाफ शिक्षक संगठनों, ट्रेड यूनियनों और सामाजिक संगठनों ने विरोध तेज कर दिया है। रविवार को गांधी उद्यान में विभिन्न संगठनों की बैठक हुई, जिसमें ‘शिक्षा बचाओ मोर्चा बरेली’ के गठन की घोषणा की गई। तय किया गया कि 4 जुलाई को एक बाइक रैली निकाली जाएगी और 8 जुलाई को जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा जाएगा।

617 स्कूल बंद करने की तैयारी, आने वाली पीढ़ी पर हमला: नरेश गंगवार
उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष नरेश गंगवार ने कहा कि सरकार की नीति से बरेली जनपद के 617 प्राथमिक व जूनियर विद्यालय बंद हो सकते हैं। यह निर्णय न केवल वर्तमान बल्कि भविष्य की पीढ़ियों पर भी गहरा प्रभाव डालेगा। उन्होंने कहा कि सरकार की इस नीति का हर स्तर पर विरोध किया जाएगा।

स्कूलों का विलय शिक्षा पर सीधा हमला: डॉ. विनोद शर्मा

यह फैसला शिक्षा के अधिकार का उल्लंघन: भानु प्रताप सिंह
यूटा के जिला अध्यक्ष भानु प्रताप सिंह ने कहा कि यह फैसला बच्चों के भविष्य को अंधेरे में धकेलने वाला है और शिक्षा के अधिकार (RTE) का खुला उल्लंघन है। उन्होंने कोर्ट में चुनौती देने और संयुक्त आंदोलन छेड़ने की बात कही।

शिक्षा और शिक्षक दोनों पर हमला: परीक्षित गंगवार
राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के जिला कोषाध्यक्ष परीक्षित गंगवार ने इस निर्णय को न केवल शिक्षा बल्कि शिक्षकों पर भी हमला करार दिया। उन्होंने सभी संगठनों से एकजुट होकर इसका विरोध करने का आह्वान किया।

गरीब और वंचित वर्ग होंगे शिक्षा से वंचित: कैलाश
परिवर्तनकामी छात्र संगठन के सचिव कैलाश ने कहा कि यह निर्णय राष्ट्रीय शिक्षा नीति का ही हिस्सा है, जो गरीब और वंचित तबके के बच्चों को शिक्षा से दूर कर देगा।

सरकार मजदूर और कर्मचारियों के साथ अब शिक्षा पर भी वार कर रही: संजीव मेहरोत्रा
बरेली ट्रेड यूनियन फेडरेशन के महामंत्री संजीव मेहरोत्रा ने कहा कि सरकार लगातार मजदूरों और कर्मचारियों के हितों पर कुठाराघात कर रही है, अब वही रवैया शिक्षा क्षेत्र में भी दिख रहा है।

निरक्षरता बढ़ाने की साजिश: केसी पटेल
प्राथमिक शिक्षक संघ के मंडल मंत्री केसी पटेल ने कहा कि सरकार पढ़ाई के साधन छीनकर एक बड़े तबके को जानबूझकर निरक्षर बनाए रखना चाहती है।

सरकार की मंशा को नाकाम करना होगा: फैसल
क्रांतिकारी लोक अधिकार संगठन के सचिव फैसल ने कहा कि सरकार लगातार अपने सामाजिक दायित्वों से पीछे हट रही है। इसे रोकने के लिए संघर्ष की आवश्यकता है।

बैठक का संचालन बरेली ट्रेड यूनियन फेडरेशन के उपमहामंत्री ललित ने किया। बैठक के अंत में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि जब तक मांगे पूरी नहीं होतीं, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

इस मौके पर हेमंत कुमार, राज, सुनील कोली, हेमंत मौर्य, देवराज, सतेंद्र पाल, किशोर मौर्य, विनोद कुमार, नरेश पाल सिंह, पुष्पराज सिंह, परीक्षित गंगवार सहित कई अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें : प्रियंका शुक्ला की अगुआई में शेरगढ़ की टीम गठित