पूर्व समायोजन में हटाए गए शिक्षकों को मूल विद्यालयों में भेजने की उठाई मांग
बरेली। शिक्षक समायोजन समिति, बरेली के प्रतिनिधियों ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) को ज्ञापन सौंपकर पूर्व समायोजन के दौरान एकल विद्यालयों से हटाए गए शिक्षकों को पुनः उनके मूल विद्यालयों में भेजने की मांग की है। समिति का कहना है कि पूर्व समायोजन प्रक्रिया में आरटीई अधिनियम के प्रावधानों की अनदेखी हुई, जिससे कई विद्यालय एकल शिक्षक विद्यालय बन गए।
आरटीई मानकों के उल्लंघन का लगाया आरोप
ज्ञापन में कहा गया है कि अनेक विद्यालयों में छात्र संख्या 30 से कम होने के बावजूद वहां एक शिक्षा मित्र और दो सहायक अध्यापक कार्यरत थे। पिछले समायोजन में एक शिक्षक को हटाए जाने के बाद विद्यालय एकल शिक्षक विद्यालय बन गए। अब नए समायोजन में उन्हीं विद्यालयों में रिक्त पद दर्शाए जाने से भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो रही है।
वरिष्ठ शिक्षकों को किया गया सरप्लस घोषित
समिति ने आरोप लगाया कि कई विद्यालयों में आरटीई के निर्धारित छात्र-शिक्षक अनुपात से अधिक शिक्षक भेज दिए गए, जिसके कारण वरिष्ठ शिक्षकों को सरप्लस की श्रेणी में डाल दिया गया। इससे शिक्षकों और विद्यालयों दोनों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
हाईकोर्ट के आदेश का भी दिया हवाला
ज्ञापन में इलाहाबाद हाईकोर्ट के 20 फरवरी 2026 के आदेश (वाद संख्या 18552/2025, मुकेश कुमार एवं अन्य बनाम राज्य सरकार) का उल्लेख करते हुए कहा गया कि पूर्व समायोजन में एकल हुए विद्यालयों से शिक्षकों को रिलीव न किया जाए। जिन शिक्षकों को रिलीव कर दिया गया है या जिन्होंने नए विद्यालयों में जॉइन कर लिया है, उन्हें पुनः उनके मूल विद्यालयों में भेजा जाना चाहिए ताकि विद्यालय एकल न रह जाएं।
समायोजन प्रक्रिया रोककर पहले की जाए वापसी
शिक्षक समायोजन समिति ने मांग की है कि वर्तमान समायोजन प्रक्रिया को आगे बढ़ाने से पहले एकल विद्यालयों से हटाए गए शिक्षकों को उनके पूर्व विद्यालयों में वापस भेजा जाए। इसके बाद ही नई समायोजन प्रक्रिया संचालित की जाए।
समिति पदाधिकारियों ने की कार्रवाई की मांग
ज्ञापन की प्रतिलिपि शिक्षक समायोजन समिति, बरेली के अध्यक्ष एवं संबंधित अधिकारियों को भी भेजी गई है। समिति ने शिक्षकों और छात्रों के हित में शीघ्र निर्णय लेने की मांग की है।
ज्ञापन देने वालों में अनीता गंगवार, मनीषा शर्मा, नीतू सक्सेना, रिचा शर्मा, बीना सक्सेना, सुनीता सक्सेना, रमा खन्ना, नेहा वर्मा, आशा, सविता देवी सहित अनेक शिक्षिक मौजूद रहे।

