अजय राय और इमरान प्रतापगढ़ी की ओर से भेजी गई चादर, देश में अमन-चैन, भाईचारे और खुशहाली के लिए की गई विशेष दुआ
बरेली। 108वें उर्स-ए-रज़वी के अवसर पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री श्री अजय राय तथा अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी अल्पसंख्यक विभाग के अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद इमरान प्रतापगढ़ी की ओर से भेजी गई अकीदत की चादर दरगाह आला हज़रत पर पेश की गई।
चादर लेकर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी अल्पसंख्यक विभाग के राष्ट्रीय महासचिव महमूद अली, कोऑर्डिनेटर सरदार इंद्रजीत सिंह, राष्ट्रीय महासचिव एवं प्रदेश प्रभारी रूबी खान तथा रईस फारूखी बरेली पहुंचे। उनका स्वागत उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व सचिव चौधरी असलम मियां सहित कांग्रेस नेताओं ने किया।
इसके उपरांत प्रतिनिधिमंडल ने सज्जादानशीन हजरत अहसन रज़ा खान साहब से मुलाकात कर श्री अजय राय एवं श्री इमरान प्रतापगढ़ी का संदेश और पत्र पढ़कर उन्हें सौंपा तथा उनकी अनुमति से दरगाह आला हज़रत पर अकीदत की चादर पेश की। इस अवसर पर देश में अमन-चैन, भाईचारा, खुशहाली, तरक्की और देशवासियों की सलामती के लिए विशेष दुआ की गई।
इसके बाद प्रतिनिधिमंडल मथुरापुर स्थित मदरसा जामियतुर्रज़ा पहुंचा, जहां काज़ी-ए-हिन्दुस्तान हजरत असजद रज़ा खान साहब एवं हजरत सलमान मियां से मुलाकात कर कांग्रेस नेताओं श्री अजय राय एवं श्री इमरान प्रतापगढ़ी का संदेश एवं पत्र उन्हें भी सौंपा।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व सचिव चौधरी असलम मियां के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने दरगाह पहुंचकर चादरपोशी की।
चौधरी असलम मियां ने कहा कि दरगाह आला हज़रत गंगा-जमुनी तहज़ीब, आपसी सौहार्द, इंसानियत और धार्मिक सद्भाव का प्रतीक है। कांग्रेस पार्टी हमेशा सामाजिक सद्भाव, भाईचारे और सभी धर्मों के सम्मान की विचारधारा पर चलती रही है।
कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस के पूर्व उपाध्यक्ष प्रेम प्रकाश अग्रवाल, प्रदेश अल्पसंख्यक विभाग के महासचिव हसनैन अंसारी, पूर्व एमएलसी प्रत्याशी डॉ. मेहंदी हसन, जिला कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के अध्यक्ष शहजाद अली, जिला कांग्रेस सेवादल अध्यक्ष अवनीश बख्शी ‘टोनू’, महानगर कांग्रेस सेवादल अध्यक्ष मोहसिन रज़ा खान, प्रदेश महासचिव कांग्रेस सेवादल मोहम्मद हसन अंसारी, आफताब आलम ज़ुबैर खान,सहित कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



