यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 में बरेली की जरी, मेंथा और फार्मा उत्पादों को मिलेगा वैश्विक बाजार

यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 में बरेली मंडल की जरी-जरदोजी, मेंथा, दवा, बांस-बेंत और खाद्य उत्पादों से जुड़ी इकाइयां हिस्सा लेंगी। पीलीभीत और शाहजहांपुर के उत्पाद भी प्रदर्शित होंगे।

बरेली मंडल की जरी-जरदोजी, मेंथा, फार्मा, बांस-बेंत और खाद्य उत्पादों की होगी प्रदर्शनी, नए निर्यातकों समेत 14 इकाइयों को मिला मंच; रुहेलखंड के पारंपरिक स्वाद और आधुनिक उद्योगों को वैश्विक बाजार से जोड़ने की तैयारी

बरेली। उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 में इस बार बरेली मंडल की व्यापक भागीदारी देखने को मिलेगी। देश-विदेश से आने वाले खरीदारों के सामने बरेली मंडल के पारंपरिक हस्तशिल्प, स्थानीय उत्पादों और बदलती औद्योगिक तस्वीर को प्रस्तुत किया जाएगा। व्यापार मेले में बरेली की जरी-जरदोजी, मेंथा, दवा, बांस-बेंत, खाद्य प्रसंस्करण और पैकेजिंग से जुड़े उत्पाद आकर्षण का केंद्र होंगे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विजन के अनुरूप स्थानीय हुनर और उत्पादों को देश-दुनिया के बाजार तक पहुंचाने की दिशा में रुहेलखंड के उद्यमी आगे बढ़ रहे हैं। यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 में बरेली के साथ पीलीभीत, शाहजहांपुर और बदायूं के पारंपरिक उत्पादों एवं औद्योगिक इकाइयों को भी मंच मिलेगा। नए निर्यातकों से लेकर नियमित रूप से विदेशों में कारोबार करने वाली इकाइयों तक के लिए अलग-अलग मंडपों में स्थान निर्धारित किया गया है।

स्थानीय उत्पादों को वैश्विक बाजार से जोड़ने का प्रयास

बरेली के मंडलायुक्त शंभू कुमार के अनुसार, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा स्थानीय उत्पादों और छोटे उद्यमों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने की है। इसी उद्देश्य से यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो स्थानीय कारीगरों, उद्यमियों और निर्यातकों के लिए महत्वपूर्ण मंच बनने जा रहा है।
मेले में बरेली मंडल की जरी-जरदोजी, लकड़ी की नक्काशी, दवा, मेंथा, खाद्य प्रसंस्करण, पैकेजिंग और बांस-बेंत से जुड़े उद्योगों की भागीदारी रहेगी।

एक जिला-एक उत्पाद के तहत बरेली की छह इकाइयां

एक जिला-एक उत्पाद (ओडीओपी) के अंतर्गत बरेली की छह इकाइयों को स्थान मिला है। मनीषा ज्वेलरी सुनारी उद्योग हस्तशिल्प उत्पादों के साथ भाग लेगी। वहीं कमल ट्रेडर्स, पिंकी जरी आर्ट्स, शिखा जरी आर्ट, ज्योत्सना जरी वर्क और कृष्णा गारमेंट्स बरेली की जरी-जरदोजी की कारीगरी प्रदर्शित करेंगे।
पीलीभीत से राशिद हैंडीक्राफ्ट और फाइजाह मलिक लकड़ी की नक्काशी से तैयार उत्पाद लेकर मेले में पहुंचेंगे।

खाद्य प्रसंस्करण, हस्तशिल्प और दवा उत्पादों की भी भागीदारी

बरेली के छोटे और मझोले उद्योगों की विविधता भी व्यापार मेले में दिखाई देगी। सृष्टिपूर्ति मसाले और मसाला मिश्रण से जुड़े उत्पाद प्रस्तुत करेगा, जबकि नंदू शेफ खाद्य प्रसंस्करण के उत्पाद प्रदर्शित करेगा।
शील कलाकृति हाथ से तैयार रेजिन कला और ग्लिट्ज एंड थ्रेड्स आभूषण लेकर पहुंचेगा। हंकरी आर्ट एंड एसेंस सुगंधित मोमबत्तियां, रेजिन उत्पाद और धागे की चूड़ियां प्रदर्शित करेगा। फार्म टैब हेल्थ केयर दवा उत्पाद लेकर भाग लेगा।
इसके अलावा राजेश जरी गुड्स और रूबी जरी फैशन के माध्यम से जरी-जरदोजी, हाथ की कढ़ाई और कृत्रिम आभूषणों में बरेली की पारंपरिक कारीगरी को खरीदारों के सामने रखा जाएगा।

14 नए निर्यातकों को मिला स्थान

व्यापार मेले में मंडल के 14 नए निर्यातकों के लिए स्टॉल निर्धारित किए गए हैं। इनमें बरेली की तीन इकाइयों को कुल पांच स्टॉल मिले हैं।
एचएनवी फार्मा लिमिटेड (हम्बल हेल्थकेयर) दवा उत्पादों के लिए दो स्टॉल लगाएगी। दस्तकार बैम्बू केन डेवलपमेंट प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड बांस और बेंत से तैयार उत्पाद प्रदर्शित करेगी।

सिरमौर सोप्स एंड एलाइड प्रोडक्ट्स साबुन, कपड़े धोने के उत्पाद और झाड़ू के साथ दो स्टॉल लगाएगी।
पीलीभीत की पीटीआर ग्लोबल एक्सपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड भारतीय लकड़ी से तैयार उत्पादों के साथ मेले में शामिल होगी। कंपनी को एक स्टॉल आवंटित किया गया है।

नियमित निर्यातकों के मंडप में भी बरेली की भागीदारी

नियमित निर्यातकों के लिए निर्धारित मंडप संख्या 15 में बरेली की तीन इकाइयां शामिल हैं। एसए इंटरनेशनल परिधान उत्पाद लेकर पहुंचेगी। केल्विन नेचुरल मिंट प्राइवेट लिमिटेड मेंथा तेल, पुदीना तेल, मेंथॉल क्रिस्टल और स्पीयरमिंट तेल जैसे उत्पाद प्रदर्शित करेगी।
अंजनि नंदन प्रीमियर पैकेजिंग प्राइवेट लिमिटेड पॉलीप्रोपाइलीन के थैले पेश करेगी। तीनों इकाइयों को एक-एक स्टॉल आवंटित किया गया है।

इस मंडप में पीलीभीत की राशिद हैंडीक्राफ्ट लकड़ी की नक्काशी के उत्पाद प्रदर्शित करेगी। दारक्षा मलिक और सुभुही जरी-जरदोजी के उत्पाद लेकर शामिल होंगी। शाहजहांपुर की कुमकुम जरी वर्क्स जरी और उससे तैयार वस्तुओं के जरिए जिले की कारीगरी को खरीदारों के सामने रखेगी।

रुहेलखंड के स्वाद का भी दिखेगा आकर्षण

यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में औद्योगिक और हस्तशिल्प उत्पादों के साथ रुहेलखंड के पारंपरिक स्वाद को भी प्रमुखता मिलेगी। बरेली की अजंता स्वीट्स, रामपुर गार्डन और किप्स की बर्फी को पैकेज्ड खाद्य काउंटर पर स्थान मिला है।

मोहित शर्मा नाश्ता कॉर्नर के छोले-भटूरे मौके पर तैयार कर परोसे जाएंगे। बदायूं के हब्बू हलवाई का प्रसिद्ध पेड़ा भी व्यापार मेले में पहुंचाया जाएगा। पीलीभीत का पवन स्वीट हाउस खोया आधारित मिठाइयां और लौंज पेश करेगा।
शाहजहांपुर से भी लौंज को स्थान मिला है। बदायूं के सूरज मिष्ठान भंडार, ककराला को स्थानीय व्यंजनों के लिए स्टॉल संख्या 33 आवंटित किया गया है।

पारंपरिक हुनर के साथ आधुनिक उद्योगों की पहचान

रुहेलखंड की कारोबारी पहचान अब केवल पारंपरिक हस्तशिल्प तक सीमित नहीं है। एक ओर बरेली की जरी-जरदोजी और पीलीभीत की लकड़ी की नक्काशी है, तो दूसरी ओर दवा, मेंथा, खाद्य प्रसंस्करण, पैकेजिंग और बांस-बेंत जैसे आधुनिक एवं उभरते उद्योग भी अपनी उपस्थिति दर्ज करा रहे हैं।

यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 के माध्यम से बरेली मंडल के उद्यमियों को नए खरीदारों, बाजारों और निर्यात के अवसरों से जुड़ने का मंच मिलने की उम्मीद है।