बोले मुख्यमंत्री—उत्तर प्रदेश की पहचान अब उपद्रव से नहीं, उत्सव से
बरेली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में त्योहारों के आसपास दंगे होते थे, लेकिन अब दंगा करने वाले जेल में हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जा रहा है। मुख्यमंत्री बुधवार को बरेली क्लब मैदान में बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी डॉ. हरि सिंह ढिल्लो के समर्थन में आयोजित शिक्षक सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कानून-व्यवस्था, शिक्षा, रोजगार और प्रदेश के विकास के मुद्दों पर समाजवादी पार्टी को घेरा।
कानून-व्यवस्था पर सपा को घेरा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश की पहचान अब उपद्रव से नहीं, बल्कि उत्सव से है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में दंगा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। मुख्यमंत्री ने चेतावनी देते हुए कहा कि दंगा करने वालों को अपनी ही नहीं, बल्कि पुरखों की संपत्ति से भी हाथ धोना पड़ सकता है।
उन्होंने पिछली सपा सरकार पर माफिया और अपराधियों को संरक्षण देने का आरोप लगाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान सरकार अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। उन्होंने बरेली की नाथ नगरी के रूप में पहचान और संभल के तीर्थस्थलों के पुनर्जीवन का भी उल्लेख किया।

शिक्षक राष्ट्र और युग निर्माता : योगी
मुख्यमंत्री ने शिक्षकों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि शिक्षक केवल सरकारी कर्मचारी नहीं, बल्कि राष्ट्र और युग निर्माता हैं। उनके सम्मान, स्वास्थ्य और सुविधाओं की जिम्मेदारी सरकार की है। उन्होंने कहा कि सरकार शिक्षकों के हित में कई कदम उठा रही है।
मुख्यमंत्री ने बेसिक, माध्यमिक शिक्षा और स्ववित्तपोषित संस्थानों के शिक्षकों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की बात कही। उन्होंने प्रदेश के प्रत्येक जिले में विश्वविद्यालय स्थापित किए जाने का भी उल्लेख किया।
साढ़े नौ लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देने का दावा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दावा किया कि प्रदेश में पिछले साढ़े नौ वर्षों के दौरान साढ़े नौ लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है। उन्होंने कहा कि इस अवधि में प्रदेश की अर्थव्यवस्था और प्रति व्यक्ति आय में भी तीन गुना वृद्धि हुई है।
सम्मेलन में जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में वन एवं पर्यावरण मंत्री डॉ. अरुण कुमार, सहकारिता मंत्री एवं जिला प्रभारी मंत्री जेपीएस राठौर, गन्ना विकास एवं चीनी मिल मंत्री संजय सिंह गंगवार, महापौर डॉ. उमेश गौतम, जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, सांसद छत्रपाल गंगवार, राज्यसभा सांसद श्रुति गंगवार, विधान परिषद सदस्य कुंवर महाराज सिंह और बहोरन लाल मौर्य उपस्थित रहे।
इसके अलावा कैंट विधायक संजीव अग्रवाल, बिथरी चैनपुर विधायक डॉ. राघवेंद्र शर्मा, नवाबगंज विधायक डॉ. एमपी आर्य और मीरगंज विधायक डॉ. डीसी वर्मा भी मौजूद रहे।
अधिकारियों में प्रदेश के पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण, अपर मुख्य सचिव गृह संजय प्रसाद, अपर पुलिस महानिदेशक रमित शर्मा, पुलिस उपमहानिरीक्षक अजय कुमार साहनी, जिलाधिकारी अविनाश सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
रिपोर्ट: निर्भय सक्सेना


