बरेली: जनगणना-2027 के लिए विशेष अभियान, 16 नवंबर से शुरू होगी स्व-गणना की सुविधा

Bareilly Census 2027: डीएम अविनाश सिंह ने जनगणना जागरूकता अभियान की कार्ययोजना बनाई। 16 से 30 नवंबर तक ऑनलाइन स्व-गणना, जानें पूरी प्रक्रिया।

जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने अधिकारियों को दिए व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश, 30 नवंबर तक घर बैठे ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे परिवार की जानकारी

बरेली। जनगणना-2027 को सफल बनाने के लिए बरेली जिला प्रशासन ने व्यापक जनजागरूकता अभियान की कार्ययोजना तैयार की है। जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने विकास भवन सभागार में संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर जनगणना के द्वितीय चरण यानी जनसंख्या गणना और स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) के प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता जरूरी है। इसके लिए सोशल मीडिया, शिक्षण संस्थानों, ग्राम पंचायतों, नगर निकायों और विभिन्न सामाजिक संगठनों की मदद ली जाएगी।

जिलाधिकारी ने बताया कि उत्तर प्रदेश में 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक स्व-गणना की सुविधा उपलब्ध रहेगी। नागरिक आधिकारिक पोर्टल https://se.census.gov.in पर जाकर अपने और अपने परिवार की जानकारी स्वयं दर्ज कर सकेंगे। इस प्रक्रिया में लगभग 15 से 20 मिनट का समय लगेगा।

उन्होंने स्पष्ट किया कि स्व-गणना पूरी होने के बाद मिलने वाली पहचान संख्या (SE ID) को सुरक्षित रखना अनिवार्य है। जब प्रगणक घर पहुंचेंगे तो उन्हें यह पहचान संख्या उपलब्ध करानी होगी, जिससे दर्ज की गई जानकारी का सत्यापन किया जा सके। इसके बाद 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर जाकर जनसंख्या गणना का कार्य करेंगे।

जनगणना 2027 की बैठक में जिलाधिकारी के साथ अन्य प्रशासनिक अधिकारी।

विकास योजनाओं का आधार है जनगणना

जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने कहा कि जनगणना केवल जनसंख्या की गिनती तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे प्राप्त आंकड़े देश और प्रदेश की विकास योजनाओं, जनकल्याणकारी नीतियों तथा सार्वजनिक सुविधाओं के नियोजन का महत्वपूर्ण आधार बनते हैं। इसलिए प्रत्येक परिवार की सही और पूर्ण जानकारी दर्ज होना आवश्यक है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्व-गणना के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रतिदिन अलग-अलग वर्गों को जागरूक किया जाए। इसके लिए विभिन्न विभागों के अधिकारियों को नोडल अधिकारी नामित किया गया है।

16 से 30 नवंबर तक चलेगा विशेष जागरूकता अभियान

प्रशासन ने स्व-गणना को जन अभियान बनाने के लिए प्रतिदिन अलग-अलग वर्गों और संस्थाओं को जोड़ने की योजना बनाई है।

  • 16 नवंबर : राजस्व एवं प्रशासन दिवस – ग्राम पंचायतों, कार्यालयाध्यक्षों, सांसदों और विधायकों को स्व-गणना के लिए प्रेरित किया जाएगा।
  • 17 नवंबर : स्थानीय प्रशासन एवं ग्रामीण विकास दिवस – नगर निकायों, जिला पंचायत, क्षेत्र पंचायतों, ग्राम प्रधानों और कृषि संस्थाओं के माध्यम से प्रचार होगा।
  • 18 नवंबर : युवा, खेल एवं मीडिया दिवस – खेल क्लबों, स्टेडियम, एनएसएस, सामुदायिक संस्थाओं और मीडिया के जरिए जागरूकता फैलाई जाएगी।
  • 19 नवंबर : विशिष्ट व्यक्तित्व दिवस – अपार्टमेंट, गेटेड सोसायटी और आवासीय कॉलोनियों में अभियान चलाया जाएगा।
  • 20 नवंबर : न्यायिक दिवस – न्यायपालिका और बार एसोसिएशन से सहयोग लिया जाएगा।
  • 21 नवंबर : वर्दीधारी बल दिवस – पुलिस, पीएसी और अन्य वर्दीधारी बलों के कर्मचारियों को जागरूक किया जाएगा।
  • 22 नवंबर : केंद्रीय सरकारी कार्यालय एवं वित्त दिवस – बैंक, रेलवे, डाक विभाग, आयकर और जीएसटी विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों को जोड़ा जाएगा।
  • 23 नवंबर : शिक्षा दिवस – विद्यालयों, महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों, पॉलिटेक्निक, आईटीआई और कोचिंग संस्थानों में अभियान चलेगा।
  • 24 नवंबर : स्वास्थ्य दिवस – आईएमए, नर्सिंग होम एसोसिएशन, स्वास्थ्य विभाग, आशा कार्यकर्ताओं और स्वास्थ्यकर्मियों की सहभागिता रहेगी।
  • 25 नवंबर : उद्योग एवं परिवहन दिवस – व्यापारिक प्रतिष्ठानों, मंडियों, होटलों, रेस्टोरेंट, परिवहन संस्थानों और सिनेमा हॉल में प्रचार किया जाएगा।
  • 26 नवंबर : महिला एवं स्वयं सहायता समूह दिवस – महिला संगठनों, स्वयं सहायता समूहों, आंगनबाड़ी केंद्रों और आशा कार्यकर्ताओं के माध्यम से महिलाओं को जागरूक किया जाएगा।
  • 27 नवंबर : डिजिटल सहायता एवं विशेष आवश्यकता वाले व्यक्तियों का दिवस – कॉमन सर्विस सेंटर, पंचायत भवनों और शहरी वार्ड कार्यालयों में हेल्प डेस्क एवं कियोस्क स्थापित किए जाएंगे।
  • 28 नवंबर : वर्क फ्रॉम होम दिवस – सोशल मीडिया, व्हाट्सएप, इंस्टाग्राम और फेसबुक के माध्यम से डिजिटल जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
  • 29 नवंबर : प्राइड दिवस – LGBTQ समुदाय और उनके परिवारों के बीच जनगणना के प्रति जागरूकता फैलाई जाएगी।

स्कूलों में रैली और प्रार्थना सभा के जरिए जागरूकता

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि प्रत्येक इंटर कॉलेज और महाविद्यालय में विद्यार्थियों को स्व-गणना के लिए प्रेरित किया जाए। इसके लिए विद्यालयों में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित हों। बेसिक, माध्यमिक और उच्च शिक्षण संस्थानों में सप्ताह के दो कार्य दिवसों पर जागरूकता रैली निकाली जाए। विद्यालयों की प्रार्थना सभा में भी स्व-गणना की प्रक्रिया की जानकारी दी जाए तथा संबंधित गतिविधियों को सोशल मीडिया पर साझा किया जाए।

मुनादी और कूड़ा गाड़ियों से होगा प्रचार

नगर पालिका परिषद, नगर पंचायतों और ग्राम पंचायतों में मुनादी कराकर लोगों को स्व-गणना की जानकारी दी जाएगी। कूड़ा उठाने वाली गाड़ियों पर भी जनगणना संबंधी प्रचार सामग्री लगाई जाएगी। इसके अलावा बैंक, डाकघर, सहकारी समितियों, बस स्टैंड और रेलवे स्टेशनों पर फ्लेक्स लगाए जाएंगे।

सरकारी कार्यालयों, विद्यालयों, महाविद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों, अस्पतालों, सीएचसी, पीएचसी और आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में सेल्फी पॉइंट और जागरूकता फ्लेक्स लगाने के निर्देश भी दिए गए हैं।

सोशल मीडिया पर भी साझा करनी होगी गतिविधियां

जिलाधिकारी ने सभी कार्यालयाध्यक्षों और जनगणना से जुड़े अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान के दौरान आयोजित गतिविधियों की तस्वीरें और वीडियो अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा करें। इसके साथ ही @censusindia2027, @hmoindia, @pibindia, @dco_up, @cmoffice_up, @dmbareilly, @dmnbareilly और bareillydm को टैग किया जाए।

उन्होंने सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स और मीडिया प्रतिनिधियों से भी अपील की कि वे आधिकारिक जानकारी के आधार पर जागरूकता वीडियो और प्रचार सामग्री तैयार करें। किसी भी भ्रामक अथवा अपुष्ट सूचना को साझा न किया जाए।

नोडल अधिकारियों को शत-प्रतिशत लक्ष्य पूरा करने के निर्देश

जिलाधिकारी ने सभी नोडल अधिकारियों को अपने विभागों में प्रतिदिन कैंप लगाने, लोगों को स्व-गणना की जानकारी देने और तकनीकी सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक अधिकारी अपना तिथिवार कैलेंडर तैयार करे और यह निर्धारित करे कि प्रतिदिन कितने वार्डों एवं ग्राम पंचायतों तक पहुंचना है। सभी अधिकारी नियमित रूप से अभियान की प्रगति की जानकारी भी उपलब्ध कराएं।

उन्होंने कहा कि जनगणना-2027 में कोई परिवार, बस्ती या निवासी छूटने न पाए। इसके लिए प्रशासन के साथ आमजन की सहभागिता भी जरूरी है।

जनगणना सहायता के लिए हेल्पलाइन जारी

स्व-गणना एवं जनगणना से संबंधित जानकारी और सहायता के लिए जिला प्रशासन ने हेल्पलाइन नंबर 0581-2422202 और 0581-2428188 तथा टोल फ्री नंबर 1855 जारी किया है।

बैठक में नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व संतोष कुमार सिंह, सभी तहसीलों के उपजिलाधिकारी, खंड विकास अधिकारी, नगर निकायों के अधिशासी अधिकारी तथा विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

निर्भय सक्सेना