चिकित्सकआरती और दंडवत प्रणाम से दिखा श्रद्धा का भाव, दीपावली समारोह में भक्ति, संस्कृति और उल्लास का संगम
बरेली। रोजमर्रा में मरीजों की सेवा और चिकित्सा संबंधी जिम्मेदारियां निभाने वाले चिकित्सक जब रामायण के पात्रों की वेशभूषा में मंच पर उतरे, तो आईएमए बरेली का दीपावली समारोह भक्तिमय और सांस्कृतिक रंगों से सराबोर हो उठा। जय श्रीराम के उद्घोष के बीच डोहरा रोड स्थित आईएमए फार्म्स में सजी अयोध्या की झांकी और रामायण की जीवंत प्रस्तुति समारोह का मुख्य आकर्षण रही।
अयोध्या थीम पर आधारित इस आयोजन ने चिकित्सकों और उनके परिवारों को एक साथ उत्सव मनाने का विशेष अवसर दिया। रामायण की प्रस्तुति में आईएमए बरेली के मानद सचिव डॉ. मोहित अग्रवाल ने भगवान श्रीराम, डॉ. कनुप्रिया अग्रवाल ने माता सीता, डॉ. राजवीर सिंह ने लक्ष्मण और डॉ. गीता गंगवार ने माता कौशल्या की भूमिका निभाई।
पारंपरिक वेशभूषा और आकर्षक मंच सज्जा ने अयोध्या के दृश्य को साकार कर दिया। अपने परिचित चिकित्सकों को रामायण के पात्रों के रूप में देखकर उपस्थित सदस्यों और उनके परिवारों में खासा उत्साह दिखाई दिया।
प्रस्तुति के दौरान दर्शकों ने इन यादगार पलों को मोबाइल कैमरों में कैद किया। कई सदस्य रामायण के पात्रों के साथ बार-बार तस्वीरें खिंचवाते नजर आए। कुछ चिकित्सकों ने श्रद्धापूर्वक पात्रों की आरती उतारी, वहीं डॉ. राजेश अग्रवाल ने मंच पर दंडवत प्रणाम कर भगवान श्रीराम के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की। इन भावपूर्ण क्षणों ने सांस्कृतिक प्रस्तुति को और भी विशेष बना दिया।

सांस्कृतिक कार्यक्रम में डॉ. मोहित अग्रवाल, डॉ. कनुप्रिया अग्रवाल, डॉ. राजवीर सिंह और डॉ. गीता गंगवार के साथ डॉ. इतिशा सक्सेना, डॉ. अंकिता, डॉ. निवेदिता, डॉ. सुप्रिया, डॉ. गायत्री सिंह, डॉ. सारिका, डॉ. सुधा यादव, डॉ. संध्या गंगवार, डॉ. रश्मि दीप, डॉ. अदिति और डॉ. पूजा गुप्ता ने भी सहभागिता की। संगीत और नृत्य से सजी प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मनोरंजन किया और प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया।
सांस्कृतिक समिति की अध्यक्ष डॉ. अनुजा सिंह ने कार्यक्रम की तैयारियों और प्रस्तुतियों के समन्वय में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके नेतृत्व में प्रतिभागियों ने विभिन्न कार्यक्रमों को व्यवस्थित और आकर्षक रूप दिया। रामायण की प्रस्तुति से लेकर अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों तक सभी के सामूहिक प्रयासों ने समारोह को यादगार बना दिया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बाद चिकित्सकों और उनके परिवारों ने सामूहिक रूप से कंदीलें प्रज्वलित कीं। फुलझड़ियों और आतिशबाजी के बीच सभी ने एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। नृत्य और पारिवारिक मेलजोल का सिलसिला देर तक चलता रहा। हस्तशिल्प के स्टॉल भी आयोजन का आकर्षण रहे। सभी ने स्वादिष्ट व्यंजनों का आनंद लिया।
आईएमए बरेली के अध्यक्ष डॉ. डी.पी. गंगवार ने दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि चिकित्सकों का अधिकांश समय मरीजों की देखभाल और पेशेवर जिम्मेदारियों में बीतता है। ऐसे आयोजन उन्हें अपने परिवार और साथियों के साथ समय बिताने तथा अपनी कलात्मक प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देते हैं।
उन्होंने कहा कि रामायण की प्रस्तुति ने समारोह को भारतीय संस्कृति, पारिवारिक मूल्यों और मर्यादा के संदेश से जोड़ा। बच्चों और युवा पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक परंपराओं से परिचित कराने में भी ऐसे आयोजनों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
मानद सचिव डॉ. मोहित अग्रवाल ने कहा कि मंच पर प्रस्तुति देने वाले साथियों के साथ दर्शकों का उत्साह और परिवारों की आत्मीय भागीदारी भी समारोह की विशेषता रही। सदस्यों ने जिस स्नेह और श्रद्धा के साथ रामायण की प्रस्तुति को अपनाया, उससे प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ा।
कोषाध्यक्ष डॉ. राजवीर एस. गंगवार ने चिकित्सक सदस्यों, उनके परिवारों और आयोजन में सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया।
समारोह में मनोरंजक खेलों और लकी ड्रॉ को लेकर भी सदस्यों एवं उनके परिवारों में खासा उत्साह रहा। विजेताओं को हरसहायमल ज्वैलर्स की ओर से प्रायोजित चांदी के सिक्के पुरस्कार स्वरूप प्रदान किए गए। विजेताओं के नामों की घोषणा के साथ बधाइयों और तालियों से माहौल उत्साहपूर्ण हो गया। आईएमए बरेली ने इस सहयोग के लिए हरसहायमल ज्वैलर्स का आभार जताया।
इस अवसर पर डॉ. आई.एस. तोमर, डॉ. राघवेंद्र शर्मा, डॉ. डी.सी. वर्मा, डॉ. सलोना कुशवाहा, डॉ. केशव अग्रवाल, डॉ. प्रमेन्द्र माहेश्वरी, डॉ. विनोद पगरानी, डॉ. राजीव गोयल सहित अनेक वरिष्ठ चिकित्सक, आईएमए सदस्य और उनके परिवारजन मौजूद रहे।
रिपोर्ट: निर्भय सक्सेना



