सरदार पटेल जयंती पर 66 मेधावी विद्यार्थियों और वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान

सरदार पटेल जयंती पर बरेली में कुर्मी क्षत्रिय सभा के समारोह में 66 प्रतिभाओं का सम्मान हुआ। चार मेधावी विद्यार्थियों को 20 हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी गई।

बरेली। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर कुर्मी क्षत्रिय सभा की ओर से ब्रह्मपुरा स्थित सरदार पटेल स्मारक कुर्मी क्षत्रिय छात्रावास में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 57 विद्यार्थियों और समाज के नौ वरिष्ठ नागरिकों सहित कुल 66 लोगों को सम्मानित किया गया। इस दौरान चार मेधावी विद्यार्थियों को पांच-पांच हजार रुपये की विशेष पुरस्कार राशि भी प्रदान की गई।

कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद श्रुति गंगवार, पूर्व मंत्री भगवत शरण गंगवार, पूर्व विधायक छोटेलाल गंगवार, नवाबगंज विधायक एमपी आर्य, नरेंद्र पाल सिंह, योगेश पटेल, कृष्ण गोपाल गंगवार, सीएल गंगवार, कर्नल पुरुषोत्तम सिंह, एडवोकेट चंचल गंगवार, बीपी सिंह, डीपी गंगवार और अतुल गंगवार सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।

कार्यक्रम में मेधावियों व वरिष्ठ नागरिकों को किया गया सम्मानित।

सीबीएसई इंटरमीडिएट में 99.6 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाली सुरेश शर्मा नगर निवासी मानवी पटेल और हाईस्कूल में 97.66 प्रतिशत अंक हासिल करने वाली कर्मचारी नगर निवासी प्रभा को पांच-पांच हजार रुपये देकर सम्मानित किया गया। वहीं यूपी बोर्ड इंटरमीडिएट में 82 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाले गौरव गंगवार और हाईस्कूल में 95 प्रतिशत अंक हासिल करने वाली हर्षिता पटेल को भी पांच-पांच हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। चारों विद्यार्थियों को कुल 20 हजार रुपये दिए गए।

इसके अतिरिक्त यूपी बोर्ड के हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट के 18 तथा सीबीएसई के 34 मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। स्नातक स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पांच विद्यार्थियों को भी सम्मान मिला।

राज्यसभा सांसद श्रुति गंगवार ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश को एकजुट करने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई थी। उनके विचार आज भी समाज और राष्ट्र को एकता के सूत्र में बांधने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा समाज की तरक्की का सबसे मजबूत आधार है। प्रतिभाशाली बच्चों को प्रोत्साहित करने और नई पीढ़ी को आगे बढ़ने के अवसर देने की जरूरत है।

कुर्मी क्षत्रिय सभा के जिलाध्यक्ष एडवोकेट केपी सेन गंगवार ने कहा कि सभा का उद्देश्य समाज को एकजुट करने के साथ शिक्षा और सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देना है। मेधावियों का सम्मान दूसरे बच्चों को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों को समाज की धरोहर बताते हुए कहा कि उनके अनुभव और मार्गदर्शन से युवा पीढ़ी को आगे बढ़ने की सीख मिलती है।

समारोह में वेदराज, लालता प्रसाद, रामश्री वर्मा, रघुनंदन प्रसाद, सावित्री, सोहनलाल, सतीश चंद्र और रामचरन लाल सहित नौ वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर पटेल स्मारिका के 25वें संस्करण का विमोचन भी हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 10:30 बजे अतिथियों के स्वागत के साथ हुई।

कार्यक्रम का आयोजन जिलाध्यक्ष एडवोकेट केपी सेन गंगवार के नेतृत्व में किया गया। इसमें उपाध्यक्ष रघुवीर सिंह गंगवार, प्रेम शंकर गंगवार, छत्रपाल सिंह गंगवार, महामंत्री रामऔतार गंगवार, आरसी लाल, मूलचंद गंगवार, कोषाध्यक्ष आलोक गंगवार, ऑडिटर एडवोकेट मनोज बाबू गंगवार और मीडिया प्रभारी देश दीपक गंगवार सहित कार्यकारिणी के सदस्यों का विशेष योगदान रहा। समारोह में अरविंद पटेल, विद्याराम गंगवार, ओमकार गंगवार, एडवोकेट मुनेन्द्र सिंह गंगवार, राजेश गंगवार, डॉ. उग्र सेन गंगवार, युधिष्ठिर प्रसाद गंगवार, कृष्ण पाल सिंह, अमित गंगवार, खेमेन्द्र पाल सिंह, वीरेश कुमार गंगवार, शक्ति सिंह राठौर, तेज पाल गंगवार, भानु प्रताप गंगवार, मनोहर लाल गंगवार, प्रमोद कुमार सिंह, भद्र पाल गंगवार और महेश चन्द्र पटेल सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।

निर्भय सक्सेना