बरेली: अंतरविद्यालयी शतरंज प्रतियोगिता ‘चेकमेट’ में विहान, आरव और दिव्याजोत बने चैंपियन

बरेली में आईएसए के क्रीड़ा एवं सांस्कृतिक सप्ताह-2026 के तहत आयोजित चेकमेट शतरंज प्रतियोगिता में 32 स्कूलों के 172 विद्यार्थियों ने भाग लिया। विहान, आरव और दिव्याजोत बने विजेता।

जीआरएम मेन ब्रांच और व्यास वर्ल्ड स्कूल ने जीता ओवरऑल चैंपियनशिप का खिताब

बरेली। इंडिपेंडेंट स्कूल्स एसोसिएशन (आईएसए) बरेली के क्रीड़ा एवं सांस्कृतिक सप्ताह-2026 के अंतर्गत जीआरएम स्कूल की मेन ब्रांच में आयोजित अंतरविद्यालयी शतरंज प्रतियोगिता ‘चेकमेट’ में विहान सक्सेना, आरव और दिव्याजोत गुंज्याल ने अपनी-अपनी श्रेणियों में चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।

प्रतियोगिता में बरेली के सीबीएसई और आईसीएसई बोर्ड के 32 विद्यालयों के 172 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया।प्रतियोगिता तीन श्रेणियों अंडर-11, अंडर-14 और अंडर-19 में आयोजित की गई। दो दिनों तक चले मुकाबलों में पांच राउंड खेले गए। चौथे और पांचवें राउंड के रोमांचक मुकाबलों के बाद विभिन्न श्रेणियों के विजेताओं की घोषणा की गई।

तीनों श्रेणियों के विजेताअंडर-11 श्रेणी में जीआरएम मेन ब्रांच के विहान सक्सेना ने प्रथम, जीआरएम डोहरा ब्रांच के अथर्व महाजन ने द्वितीय और बिशप स्कूल के जयन चक्रवर्ती ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

अंडर-14 श्रेणी में सोबतीस स्कूल के आरव ने पहला, सैक्रेड हार्ट्स के मोहम्मद अर्सलान ने दूसरा और जीआरएम डोहरा ब्रांच के ऋषित गोयल ने तीसरा स्थान हासिल किया।

अंडर-19 श्रेणी में व्यास वर्ल्ड स्कूल के दिव्याजोत गुंज्याल ने प्रथम, अश्मित वर्मा ने द्वितीय और अल्मा मैटर की प्रेक्षा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

जीआरएम मेन ब्रांच और व्यास वर्ल्ड स्कूल बने ओवरऑल चैंपियन

प्रतियोगिता में जीआरएम मेन ब्रांच और व्यास वर्ल्ड स्कूल को संयुक्त रूप से ओवरऑल चैंपियन घोषित किया गया, जबकि जीआरएम डोहरा ब्रांच उपविजेता रही। सभी विजेताओं को आईएसए के पदाधिकारियों और विद्यालय प्रबंधक डॉ. राजेश जौली ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर मुख्य आर्बिटर और प्रतिभागी विद्यालयों के खेल प्रशिक्षकों को भी सम्मानित किया गया।

खेल बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए जरूरी

पुरस्कार वितरण समारोह को संबोधित करते हुए विद्यालय प्रबंधक डॉ. राजेश जौली ने कहा कि खेल प्रत्येक बच्चे की अनिवार्य आवश्यकता हैं। नई शिक्षा नीति में भी शिक्षणेत्तर गतिविधियों और खेलों पर विशेष जोर दिया गया है। उन्होंने कहा कि गुलाबराय ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के विद्यार्थियों ने देश की सेवा, ज्ञान-विज्ञान, अनुसंधान और विकास के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्हें विश्वास है कि भविष्य में भी विद्यार्थी विद्यालयों और बरेली का नाम रोशन करेंगे।

इससे पहले प्रधानाचार्य रणवीर सिंह रावत ने अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों में समानता और भाईचारे की भावना विकसित होती है। विद्यालय की छात्राओं ने प्रेरक गीतों पर नृत्य प्रस्तुत कर विजेताओं का उत्साहवर्धन किया।

समारोह में आईएसए अध्यक्ष निर्भय बेनीवाल, कोषाध्यक्ष सौभाग्य चौधरी, जूनियर विंग की समन्वयक डॉ. विनीता सक्सेना सहित शहर के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। मंच संचालन सानिया खान के निर्देशन में सिया आनंद और समग्र भारद्वाज ने किया।

प्रतियोगिता के चीफ आर्बिटर संजय सिंह रहे। प्रतियोगिता को सफल बनाने में विद्यालय के क्रीड़ा विभाग के मनीष सिंह बोरा, इफ्तेखार, सुरेश शर्मा, प्रशांत कुमार, दीपशिखा, ज्योति राजपूत, पूजा शर्मा और प्रगति पांडेय का विशेष योगदान रहा।

इस अवसर पर सभी प्रतिभागी और उनके कोच भी उपस्थित रहे।

रिपोर्ट: निर्भय सक्सेना