बरेली में ऑल इंडिया डॉग शो में जुटे 250 से अधिक श्वान, फैशन का भी दिखा जलवा

Bareilly Dog Show 2026: बरेली के आईवीआरआई मैदान में 45वें और 46वें अखिल भारतीय डॉग शो में 40 से अधिक नस्लों के 250 से ज्यादा श्वानों ने भाग लिया। बरेली के केन कोर्सो ने बेस्ट ब्रीड इन इंडिया का खिताब जीता।

40 से अधिक नस्लों के डॉग ने लिया हिस्सा, बरेली के केन कोर्सो ने जीता बेस्ट ब्रीड इन इंडिया का खिताब

बरेली। रुहेलखंड केनल क्लब एवं भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान (आईवीआरआई) के संयुक्त तत्वावधान में बरेली स्थित आईवीआरआई मैदान पर 45वें एवं 46वें अखिल भारतीय डॉग शो का आयोजन किया गया। इसमें देश के विभिन्न शहरों से आए 40 से अधिक नस्लों के 250 से ज्यादा श्वानों ने हिस्सा लिया। श्वानों की आकर्षक चाल-ढाल, शानदार श्रृंगार और अनूठे अंदाज ने दर्शकों का मन मोह लिया। शो में फैशन का भी खास जलवा देखने को मिला।

डॉग शो में देश के विभिन्न शहरों से आए महिला और पुरुष प्रतिभागी अपने छोटे-छोटे पपीज को गोद में लेकर मैदान में चहलकदमी करते नजर आए। प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के बाद कई प्रतिभागी अपने श्वानों को वातानुकूलित कारों में आराम करने के लिए ले जाते दिखाई दिए। श्वानों की साज-सज्जा और उनकी देखभाल भी आकर्षण का केंद्र रही।

45वें डॉग शो में बरेली के केन कोर्सो ने मारी बाजी

45वें वार्षिक डॉग शो में मलेशिया से आए निर्णायक बेंग वोह चेन ने विभिन्न राज्यों से आए श्वानों के प्रदर्शन का मूल्यांकन किया। प्रतियोगिता में चयनित प्रमुख श्वानों में बरेली का केन कोर्सो प्रथम स्थान पर रहा। रामपुर के डोबरमैन ने दूसरा, मेरठ के जर्मन शेफर्ड ने तीसरा, पीलीभीत के बिलसंडा क्षेत्र के लेब्राडोर ने चौथा, अलीगढ़ के बीगल ने पांचवां, दिल्ली के पोमेरेनियन ने छठा, यमुनानगर के शिट्जू ने सातवां और भोपाल के लेब्राडोर ने आठवां स्थान प्राप्त किया।

इस प्रतियोगिता में बरेली के केन कोर्सो को बेस्ट ब्रीड इन इंडिया का खिताब मिला। वहीं, रामपुर के डोबरमैन को रिजर्व ब्रीड इन इंडिया और बेस्ट डोबरमैन पपी का पुरस्कार मिला। रामनगर के जर्मन शेफर्ड पपी को बेस्ट रिजर्व का खिताब दिया गया। गाजियाबाद के कैवेलियर किंग चार्ल्स स्पैनियल को बेस्ट माइनर पपी तथा बरेली के ग्रेट डेन को रिजर्व बेस्ट माइनर पपी के रूप में चुना गया।

46वें डॉग शो में दिल्ली के सेमोयेड ने हासिल किया पहला स्थान

46वें डॉग शो के निर्णायक जापान के सेशीयूरो ईकुक्ता थे। उनके निर्णय के अनुसार दिल्ली के सेमोयेड ने पहला स्थान हासिल किया। यमुनानगर का शिट्जू दूसरे, देहरादून का चिहुआहुआ तीसरे और बरेली का केन कोर्सो चौथे स्थान पर रहा। लखनऊ के डोबरमैन ने पांचवां, बिलसंडा के लेब्राडोर ने छठा, रामनगर के लॉन्ग हेयर जर्मन शेफर्ड ने सातवां और लखनऊ के फॉक्स टेरियर ने आठवां स्थान प्राप्त किया।

इसके अलावा बरेली के केन कोर्सो और ग्रेट डेन, देहरादून के चिहुआहुआ, दिल्ली के पोमेरेनियन तथा कैवेलियर किंग चार्ल्स स्पैनियल सहित अन्य नस्लों के श्वानों ने भी अपने प्रदर्शन से दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया।

केनल क्लब और आईवीआरआई की रही अहम भूमिका

डॉग शो के सफल आयोजन में रुहेलखंड केनल क्लब के दिलीप टंडन, गुरदीप सिंह, डीके सक्सेना और पवन भसीन की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वहीं, भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान की निदेशक रूपसी तिवारी तथा संयुक्त निदेशक, प्रसार शिक्षा सतीश जोशी का भी आयोजन में प्रमुख योगदान रहा।

— निर्भय सक्सेना