बरेली क्लब मैदान में 23 से 25 अक्टूबर तक सजेगा रोटरी बरेली साउथ का 40वां दशहरा मेला

बरेली क्लब मैदान में 23 से 25 अक्टूबर तक रोटरी बरेली साउथ का 40वां दशहरा मेला लगेगा। सांस्कृतिक कार्यक्रम, सेलिब्रिटी सिंगर, आतिशबाजी, रावण दहन और दिव्यांग सेवा रहेंगी खास आकर्षण।

25 अक्टूबर को होगा रावण दहन, तीन दिन सांस्कृतिक कार्यक्रमों और आतिशबाजी से सजेगी शाम

बरेली। रोटरी क्लब बरेली साउथ की ओर से आयोजित होने वाला तीन दिवसीय 40वां दशहरा मेला 23 से 25 अक्टूबर तक बरेली क्लब मैदान में आयोजित किया जाएगा। मेले में भारतीय संस्कृति पर आधारित विभिन्न सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं, मनोरंजक कार्यक्रम, संगीत प्रस्तुतियां, आतिशबाजी, लंका दहन और रावण दहन मुख्य आकर्षण होंगे। मेले का समापन 25 अक्टूबर की रात कुंभकरण, मेघनाद और रावण के पुतलों के दहन के साथ होगा।

पूर्व महापौर एवं रोटरी क्लब बरेली साउथ के चार्टर अध्यक्ष डॉ. आईएस तोमर ने बताया कि क्लब पिछले 39 वर्षों से दशहरा मेले की परंपरा को आगे बढ़ा रहा है। मेले से प्राप्त आय का उपयोग दिव्यांगजनों और जरूरतमंदों की सेवा के लिए किया जाता है। ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रोटरी पब्लिक स्कूल संचालित किया जा रहा है, जहां 500 बच्चों को कम शुल्क पर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दी जा रही है।

तीन दिन होंगी सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं

मेला निदेशक अंकुर बंसल ने बताया कि 23 अक्टूबर को फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता और ‘डांस बरेली डांस’ सोलो परफॉर्मेंस आयोजित की जाएगी। 24 अक्टूबर को ‘वॉइस ऑफ बरेली’ गायन प्रतियोगिता और ‘डांस बरेली डांस’ ग्रुप प्रतियोगिता होगी। 25 अक्टूबर को बेस्ट कपल प्रतियोगिता के साथ बरेली की प्रतिष्ठित प्रतियोगिता ‘मेला क्वीन’ का आयोजन किया जाएगा।क्लब अध्यक्ष रोहित जिंदल ने बताया कि मेले में देश के विभिन्न क्षेत्रों से कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। 23 अक्टूबर को मुंबई की गायिका प्रेरणा रावत और एवी डांस ग्रुप प्रस्तुति देंगे। 24 अक्टूबर को इंडियन आइडल फेम गायिका भारती गुप्ता अपनी टीम के साथ दर्शकों का मनोरंजन करेंगी, जबकि 25 अक्टूबर को रहनुमा बैंड अपनी संगीतमय प्रस्तुति देगा। मेले में विभिन्न राज्यों के उत्पादों और अन्य वस्तुओं के स्टॉल भी लगाए जाएंगे।

दिव्यांगजनों को मिलेंगी ट्राईसाइकिल और कृत्रिम हाथ

रोटरी के पूर्व मंडल अध्यक्ष रवि प्रकाश अग्रवाल ने बताया कि क्लब सामाजिक सेवा के कार्यों में लगातार सक्रिय है। इसी क्रम में 24 अक्टूबर को दिव्यांगजनों को ट्राईसाइकिल वितरित की जाएंगी, ताकि वे रोजगार और आजीविका के अवसर प्राप्त कर आत्मनिर्भर बन सकें।रोटरी के पूर्व मंडल अध्यक्ष डॉ. रवि मेहरा ने बताया कि इस वर्ष मेले से प्राप्त आय के माध्यम से एलएन-4 प्रोस्थेटिक हाथ लगाने का शिविर आयोजित करने की योजना है। दुर्घटना या अन्य कारणों से अपना हाथ गंवा चुके जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क कृत्रिम हाथ उपलब्ध कराने की पहल की जाएगी। इसका उद्देश्य दिव्यांगजनों को नया आत्मविश्वास देना और उन्हें आत्मनिर्भर बनने में सहायता करना है।

राजस्थानी से लेकर चाइनीज व्यंजनों तक का मिलेगा स्वाद

पान के शौकीनों के लिए राजस्थानी, चाइनीज, दक्षिण भारतीय और उत्तर भारतीय व्यंजनों के स्टॉल लगाए जाएंगे। इसके अलावा आइसक्रीम और कोल्ड ड्रिंक के स्टॉल भी आकर्षण का केंद्र रहेंगे।क्लब सचिव शिशिर पांडे ने बताया कि मेले के तीनों दिन शानदार आतिशबाजी की जाएगी। इस बार आकाशीय आतिशबाजी का विशेष मुकाबला भी आकर्षण बढ़ाएगा। 24 अक्टूबर को लंका दहन और 25 अक्टूबर की रात कुंभकरण, मेघनाद तथा रावण के पुतलों का दहन किया जाएगा। आतिशबाजी के दौरान बाबा नीम करोली के दर्शन से जुड़ी प्रस्तुति भी कराई जाएगी।

बच्चों के लिए बनेगा विशेष किड्स जोन

भव्य रूप देने के लिए बड़े आकार की 12 एलईडी स्क्रीन लगाई जा रही हैं। इनके माध्यम से दर्शक मैदान के विभिन्न हिस्सों में आयोजित कार्यक्रमों को देख सकेंगे।सह मेला निदेशक अनुराग गोयल ने बताया कि बच्चों के मनोरंजन के लिए विशेष किड्स जोन तैयार किया जा रहा है, जिसमें नए इलेक्ट्रॉनिक झूले लगाए जाएंगे।रोटरी कम्युनिटी सर्विस सोसायटी के अध्यक्ष अनुपम कपूर ने बताया कि मेले के टिकट और अतिथि पास के साथ सोसायटी की ओर से लकी ड्रॉ कूपन भी दिया जा रहा है। दर्शक अपने कूपन स्टॉल नंबर 2 और 3 पर जमा कर आकर्षक उपहार जीतने का अवसर प्राप्त कर सकेंगे।पत्रकार वार्ता के दौरान रोहित जिंदल, संदीप मेहरा, दिनेश चंद खंडेलवाल, अनुराग गोयल, राकेश धीरवानी, संजय अग्रवाल, अनुपम कपूर, अजय जसोरिया, प्रदीप मधवार, ध्रुव तिलक, हिमांशु कौशिक सहित क्लब के अन्य सदस्य मौजूद रहे।