बरेली। इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (IIA), बरेली चैप्टर एवं वाधवानी फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में नेशनल एंटरप्रेन्योरशिप नेटवर्क के सहयोग से आयोजित ‘CEO Growth Roundtable’ बैठक में उद्योगों के विकास, कारोबार के विस्तार और प्रभावी व्यावसायिक रणनीतियों पर मंथन हुआ।
‘कनेक्ट, एक्सचेंज, स्ट्रैटेजाइज’ थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम में उद्यमियों और बिजनेस लीडर्स ने अपने अनुभव साझा किए तथा औद्योगिक विकास की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया।
कार्यक्रम में IIA के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिनेश गोयल की उपस्थिति ने बैठक को विशेष महत्व प्रदान किया। इस पहल का उद्देश्य बरेली के उद्योगपतियों, मुख्य कार्यकारी अधिकारियों (CEO) और बिजनेस लीडर्स को एक साझा मंच उपलब्ध कराना था, जहां वे एक-दूसरे के अनुभवों से सीखने के साथ कारोबार की वृद्धि और विस्तार के नए अवसरों पर चर्चा कर सकें।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धात्मक व्यावसायिक परिवेश में उद्योगों की प्रगति के लिए केवल उत्पादन क्षमता बढ़ाना पर्याप्त नहीं है। बाजार की बदलती आवश्यकताओं को समझना, कुशल नेतृत्व विकसित करना, संसाधनों का प्रभावी उपयोग करना और दीर्घकालिक विकास की रणनीति तैयार करना भी जरूरी है।
उद्यमियों को समय के अनुरूप अपनी व्यावसायिक कार्यप्रणाली, प्रबंधन और रणनीतियों में सकारात्मक बदलाव लाने पर भी जोर दिया गया।
वाधवानी फाउंडेशन के अमरेश ने उद्यमियों के बीच संवाद, अनुभवों के आदान-प्रदान और व्यावसायिक सहयोग को बढ़ावा देने के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि अनुभवी सीईओ और बिजनेस लीडर्स के अनुभवों से सीखकर उद्यमी विकास के नए अवसरों की पहचान कर सकते हैं।
IIA बरेली चैप्टर के चेयरमैन शेखर अग्रवाल ने कहा कि बरेली में औद्योगिक विकास और उद्यमिता की अपार संभावनाएं हैं। स्थानीय उद्योगों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए उद्यमियों को समय के अनुरूप अपनी कार्यप्रणाली और व्यावसायिक रणनीतियों में बदलाव करना चाहिए। उन्होंने कहा कि बरेली चैप्टर उद्यमियों को उपयोगी जानकारी, संवाद और सहयोग के अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
चैप्टर सचिव धनंजय विक्रम सिंह ने कार्यक्रम के आयोजन में सहयोग देने वाले अतिथियों और प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता शेखर अग्रवाल ने की, जबकि संचालन धनंजय विक्रम सिंह ने किया।
बैठक में आशीष गुप्ता, IIA के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नीरज गोयल, राष्ट्रीय सचिव मयूर धीरवानी, आदित्य प्रकाश अग्रवाल, तुषार गोयल, समर्थ अग्रवाल, प्रियांक मूना, अंकित बंसल और सलिल बंसल सहित अनेक उद्यमियों ने सहभागिता की।रिपोर्ट: निर्भय सक्सेना

