बरेली में उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल ने नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसद श्रुति गंगवार का किया स्वागत-अभिनंदन, राष्ट्र निर्माण में योगदान की जताई उम्मीद
बरेली। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल की विभिन्न एसोसिएशंस के पदाधिकारियों ने प्रांतीय महामंत्री राजेंद्र गुप्ता के नेतृत्व में नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसद श्रुति गंगवार का भारत सेवा ट्रस्ट में स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि राज्यसभा में श्रुति गंगवार और धर्मपाल सिंह के रूप में बरेली का प्रतिनिधित्व होना जिले के लिए गौरव की बात है।
युवा महिला नेतृत्व से बरेली को मिली नई पहचान
व्यापार मंडल के प्रांतीय महामंत्री राजेंद्र गुप्ता ने कहा कि काफी समय से राज्यसभा में बरेली का प्रतिनिधित्व नहीं था। अब युवा महिला सांसद श्रुति गंगवार और अनुभवी राजनेता धर्मपाल सिंह के माध्यम से बरेली की आवाज उच्च सदन तक पहुंचेगी। उन्होंने कहा कि श्रुति गंगवार आईआईटी की मेधावी प्रतिभा रही हैं। ऐसे में राष्ट्र निर्माण से जुड़े विषयों पर उनके सुझाव महत्वपूर्ण साबित हो सकते हैं।
बरेलीवासियों की उम्मीदों पर खरा उतरने का प्रयास करूंगी: श्रुति गंगवार
नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसद श्रुति गंगवार ने कहा कि बरेली के लोगों का स्नेह उन्हें हमेशा मिलता रहा है। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के वरिष्ठ पदाधिकारियों का विश्वास और समर्थन उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि बरेलीवासियों ने उनसे जो उम्मीदें लगाई हैं, उन्हें पूरा करने के लिए वह सदैव प्रयासरत रहेंगी।
व्यापार मंडल ने पहले ही पहचान ली थी प्रतिभा
महानगर महामंत्री राजेश जसोरिया ने कहा कि अर्बन कोऑपरेटिव बैंक का अध्यक्ष बनने के बाद व्यापार मंडल ने श्रुति गंगवार को पहली बार आमंत्रित किया था। उसी समय पदाधिकारियों को उनकी प्रतिभा और भविष्य की संभावनाओं का एहसास हो गया था। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी उनकी प्रतिभा को देखते हुए उन्हें राज्यसभा के लिए चयनित किया है।
प्रांतीय उपाध्यक्ष संजीव चांदना ने भारत सेवा ट्रस्ट की सराहना करते हुए कहा कि ट्रस्ट ने सेवा कार्यों के माध्यम से व्यापक स्तर पर विश्वास अर्जित किया है।
व्यापार मंडल के पदाधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर दुर्गेश खटवानी, दर्शन लाल भाटिया, मनमोहन सब्बरवाल, मयंक अग्रवाल, ईशान गुप्ता, मुकेश खटवानी, गिरधारी देवनानी, प्रदीप राजानी, शिरीष गुप्ता, अनिल गुप्ता, त्रिलोकी नाथ गुप्ता, कपिल अग्रवाल, विनय शर्मा, कैलाश मित्तल, अजय सागर मुखिया, सौरभ श्रीवास्तव और आशुतोष गोयल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
रिपोर्ट: निर्भय सक्सेना


