“गांव सुरक्षित होंगे तो आत्मनिर्भर बनेंगे” : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

बरेली में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपराध नियंत्रण और ग्रामीण सुरक्षा में उत्कृष्ट योगदान देने वाले 11 ग्राम प्रहरियों को सम्मानित किया। प्रदेश के 68 हजार ग्राम प्रहरियों का मानदेय 2500 रुपये से बढ़ाकर 3500 रुपये प्रतिमाह करने के साथ उनके परिवारों को सालाना पांच लाख रुपये तक कैशलेस इलाज की सुविधा देने की बात कही। मुख्यमंत्री ने ग्राम प्रहरियों से संदिग्ध गतिविधियों, भू-माफिया, साइबर ठगी और अफवाहों की सूचना तत्काल पुलिस को देने का आह्वान किया।

प्रदेश के 68 हजार ग्राम प्रहरियों का मानदेय 2500 से बढ़ाकर 3500 रुपये प्रतिमाह

बरेली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि शहरों में सीसीटीवी कैमरे जिस तरह अपराधियों पर नजर रखते हैं, उसी तरह गांवों में ग्राम प्रहरी अपनी भूमिका निभाएं। वे संदिग्ध गतिविधियों, अपराध और जमीन पर अवैध कब्जे की कोशिश करने वालों की सूचना तत्काल पुलिस तक पहुंचाएं। मुख्यमंत्री ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले 11 ग्राम प्रहरियों को मंच पर साफा पहनाकर, गिफ्ट हैम्पर और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने सर्किट हाउस में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत पौधारोपण भी किया।

प्रदेश के 68 हजार ग्राम प्रहरियों का मानदेय बढ़कर हुआ 3500 रुपये प्रतिमाह, परिवारों को पांच लाख रुपये तक कैशलेस इलाज की सुविधा

पुलिस लाइंस, बरेली में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने प्रदेश के 68 हजार ग्राम प्रहरियों का मानदेय एक हजार रुपये बढ़ाने के साथ ही उनके परिवारों को सालाना पांच लाख रुपये तक कैशलेस इलाज की पूर्व घोषित सौगात दी। मानदेय में एकमुश्त 40 प्रतिशत की वृद्धि के बाद अब ग्राम प्रहरियों को 2500 रुपये के बजाय 3500 रुपये प्रतिमाह मिलेंगे। इससे प्रत्येक ग्राम प्रहरी को सालाना 12 हजार रुपये अतिरिक्त मिलेंगे।

ग्राम प्रहरियों के साथ सेल्फी लेते मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी।
ग्राम प्रहरियों के साथ सेल्फी लेते मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ।

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि वर्ष 2017 में ग्राम प्रहरियों को महज 1500 रुपये प्रतिमाह मानदेय मिलता था। वर्ष 2019 में इसे बढ़ाकर 2500 रुपये किया गया था। अब इसे बढ़ाकर 3500 रुपये प्रतिमाह किया जा रहा है। ग्राम प्रहरियों की जिम्मेदारियों को देखते हुए उनकी सुविधाओं में भी वृद्धि की जा रही है।

थानाध्यक्ष और हल्का प्रभारी सप्ताह में कम से कम एक दिन ग्राम प्रहरियों के साथ करें बैठक

मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में थानाध्यक्ष अथवा हल्के के दारोगा सप्ताह में कम से कम एक दिन ग्राम प्रहरियों के साथ बैठक करें। इससे पुलिस का सूचना तंत्र मजबूत होगा और छोटी घटनाओं को बड़े विवाद में बदलने से रोका जा सकेगा।

माफिया मिट्टी में मिल गए, प्रदेश में अब दंगा और उपद्रव नहीं होता: मुख्यमंत्री योगी

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि अपराधियों के मन में कानून का भय है। शहरों में सीसीटीवी कैमरों और एआई तकनीक के माध्यम से संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। बेटियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को कठोर परिणाम भुगतने पड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि माफिया मिट्टी में मिल गए हैं। प्रदेश में अब दंगा और उपद्रव नहीं होता है। बेहतर कानून-व्यवस्था के कारण निवेश, व्यापार और रोजगार के अवसर बढ़े हैं।

भयमुक्त माहौल में गांव-गांव स्थापित हो रहीं दुर्गा प्रतिमाएं

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पहले नवरात्र और अन्य पर्वों पर उपद्रव की आशंका बनी रहती थी। अब नवरात्र के प्रथम दिन से ही गांव-गांव में दुर्गा प्रतिमाएं स्थापित की जा रही हैं। विंध्यवासिनी धाम में पिछले दिनों सवा दो लाख से ढाई लाख श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। देवीपाटन धाम में भी डेढ़ लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंचे। सीतापुर के ललिता देवी मंदिर और सहारनपुर स्थित शाकंभरी देवी शक्तिपीठ में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। मुख्यमंत्री ने इसे प्रदेश में भयमुक्त वातावरण का परिणाम बताया।

वन्यजीवों के खतरे, अफवाहों और भू-माफिया की गतिविधियों की सूचना प्रशासन को दें ग्राम प्रहरी

मुख्यमंत्री ने ग्राम प्रहरियों से वन्यजीवों के खतरे, अफवाहों और भू-माफिया की गतिविधियों की जानकारी तत्काल प्रशासन को देने का आह्वान किया। उन्होंने पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, बहराइच और बिजनौर का उल्लेख करते हुए कहा कि समय पर मिली सूचना किसी बड़ी अनहोनी को रोक सकती है। उन्होंने बताया कि 40 से अधिक तेंदुओं का रेस्क्यू किया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की सभी ग्राम पंचायतों और राजस्व गांवों में ग्राम प्रहरियों की सतर्कता महत्वपूर्ण है। गांव सुरक्षित होंगे तो आत्मनिर्भर बनेंगे। इससे विकसित उत्तर प्रदेश और विकसित भारत के संकल्प को मजबूती मिलेगी।

ग्रामीण क्षेत्रों में शांति व्यवस्था बनाए रखने में ग्राम प्रहरियों की अहम भूमिका: सुरेश खन्ना

उत्तर प्रदेश के वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में शांति व्यवस्था बनाए रखने में ग्राम प्रहरियों की महत्वपूर्ण भूमिका है।

प्रदेश के पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह ने बरेली की नाथ नगरी की पावन भूमि पर मुख्यमंत्री का स्वागत किया। उन्होंने मुख्यमंत्री को बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में लोग सरकार के कार्यों की सराहना करते हैं और स्थानीय भाषा में ग्रामीणों के विचार भी साझा किए।

ग्राम प्रहरी गांव और थाने के बीच सूचना एवं संवाद की महत्वपूर्ण कड़ी: डीजीपी

पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण ने संबोधन से पहले मुख्यमंत्री को मां दुर्गा की प्रतिमा भेंट की। उन्होंने कहा कि ग्राम प्रहरी गांव और थाने के बीच सूचना एवं संवाद की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उन्हें अपराध, भूमि विवाद और शांति भंग होने की आशंका की सूचना तत्काल पुलिस को देनी चाहिए। साथ ही, साइबर ठगी और सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों के प्रति ग्रामीणों को जागरूक करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि डिजिटल वालंटियर्स और व्हाट्सएप समूहों के माध्यम से सूचना तंत्र को और मजबूत किया जा सकता है। ग्राम प्रहरियों के मानदेय में हुई वृद्धि उनके कार्य की महत्ता को दर्शाती है।

बरेली समेत कई जिलों के 11 ग्राम प्रहरी मुख्यमंत्री के हाथों सम्मानित

मुख्यमंत्री से सम्मानित होने वालों में बरेली के फरीदपुर से राजवीर सिंह, सिरौली से कुंवर पाल सिंह और बहेड़ी से राम राठौर शामिल रहे। इनके अलावा पीलीभीत के सुनगढ़ी से राजेंद्र वाल्मीकि, शाहजहांपुर के पुवायां से कमलेश, मुरादाबाद के कांठ से कमलेश सिंह सैनी, बिजनौर की शहर कोतवाली से राजेश सैनी, संभल के हजरतनगर गढ़ी से अनिल वाल्मीकि, रामपुर के टांडा से ध्यान सिंह चौहान, शाहबाद से प्रकाश और अमरोहा के नौगावां सादात से तेजपाल प्रजापति को भी सम्मानित किया गया।

समारोह में ग्राम प्रहरियों के योगदान पर आधारित एक लघु फिल्म भी दिखाई गई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सम्मानित ग्राम प्रहरियों के साथ सेल्फी भी ली।
कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के वन एवं पर्यावरण मंत्री डॉ. अरुण कुमार, सहकारिता मंत्री एवं प्रभारी मंत्री जेपीएस राठौर, गन्ना विकास एवं चीनी मिलें मंत्री संजय सिंह गंगवार, महापौर डॉ. उमेश गौतम, जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, बरेली के सांसद छत्रपाल गंगवार, राज्यसभा सांसद श्रुति गंगवार, विधान परिषद सदस्य कुंवर महाराज सिंह एवं बहोरन लाल मौर्य, कैंट विधायक संजीव अग्रवाल, बिथरी चैनपुर विधायक डॉ. राघवेन्द्र शर्मा, नवाबगंज विधायक डॉ. एमपी आर्य और मीरगंज विधायक डॉ. डीसी वर्मा उपस्थित रहे।

अधिकारियों में पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण, अपर मुख्य सचिव गृह संजय प्रसाद, अपर पुलिस महानिदेशक रमित शर्मा, पुलिस उपमहानिरीक्षक अजय कुमार साहनी, जिलाधिकारी अविनाश सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।