लखनऊ में घोषित हुए चुनाव परिणाम, सर्वसम्मति से मिली जिम्मेदारी; उद्यमियों ने जताया भरोसा
लखनऊ। इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (आईआईए) की केंद्रीय कार्यकारिणी समिति की लखनऊ में आयोजित बैठक में वर्ष 2026-27 के लिए बरेली के वरिष्ठ उद्योगपति एवं उद्योग हितों के प्रखर प्रतिनिधि दिनेश गोयल को सर्वसम्मति से राष्ट्रीय अध्यक्ष निर्वाचित घोषित किया गया।

चुनाव परिणाम की घोषणा होते ही प्रदेशभर से आए उद्यमियों में उत्साह और खुशी की लहर दौड़ गई। इस अवसर पर बरेली सहित उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों से बड़ी संख्या में उद्योगपति और उद्यमी मौजूद रहे।वाराणसी, कानपुर, लखनऊ, गाजियाबाद, मेरठ, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर और नोएडा सहित विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों से आए उद्यमियों ने दिनेश गोयल को बधाई देते हुए उनके नेतृत्व पर विश्वास व्यक्त किया।

“उत्तर प्रदेश को देश का अग्रणी औद्योगिक प्रदेश बनाने के लिए आईआईए निरंतर प्रयासरत रहेगी।”
— दिनेश गोयल, राष्ट्रीय अध्यक्ष, आईआईए
उपस्थित उद्यमियों ने इसे प्रदेश के औद्योगिक विकास के लिए सकारात्मक निर्णय बताया।नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष दिनेश गोयल ने कहा कि उत्तर प्रदेश को देश का अग्रणी औद्योगिक प्रदेश बनाने के लिए आईआईए निरंतर कार्य करेगी। उन्होंने नए उद्योगों की स्थापना, निवेश को बढ़ावा देने, रोजगार सृजन तथा औद्योगिक आधारभूत संरचना को मजबूत बनाने को प्राथमिकता बताया।
उन्होंने कहा कि सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग (एमएसएमई) प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और संगठन उनकी समस्याओं के समाधान तथा उद्योग हितों की आवाज को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध रहेगा।
दिनेश गोयल ने कहा कि उद्योग हित में चलाए जा रहे कार्यक्रमों, नीतिगत सुझावों और जनहितकारी पहलों को और अधिक प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जाएगा, जिससे प्रदेश के उद्यमियों को बेहतर औद्योगिक वातावरण मिल सके।
उनके पुनः राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने पर बरेली सहित पूरे प्रदेश के उद्योग जगत ने इसे गौरवपूर्ण उपलब्धि बताते हुए शुभकामनाएं दीं।

