गंगाशील ग्रुप ऑफ हॉस्पिटल्स के संस्थापक को नम आंखों से दी गई अंतिम विदाई, पौत्र आर्य वर्धन ने दी मुखाग्नि
बरेली। गंगाशील ग्रुप ऑफ हॉस्पिटल्स एवं शैक्षणिक संस्थानों की मजबूत नींव रखने वाले वरिष्ठ चिकित्सक और समाजसेवी डॉ. नवल किशोर गुप्ता का पार्थिव शरीर शुक्रवार को पंचतत्व में विलीन हो गया। मॉडल टाउन श्मशान घाट पर उनके पौत्र आर्य वर्धन ने उन्हें मुखाग्नि दी।
डॉ. नवल किशोर गुप्ता ने गुरुवार सुबह गाजियाबाद स्थित मैक्स हॉस्पिटल में अंतिम सांस ली। वह 1 जून से वहां उपचाराधीन थे। उनके निधन की खबर से बरेली के चिकित्सा, सामाजिक और व्यापारिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई।

गंगाशील हॉस्पिटल में अंतिम दर्शन के लिए उमड़ी भीड़
गाजियाबाद से उनका पार्थिव शरीर शाम करीब चार बजे बरेली स्थित गंगाशील हॉस्पिटल एवं डी.डी.पुरम स्थित आवास लाया गया, जहां बड़ी संख्या में शुभचिंतकों, चिकित्सकों और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
परिवार को छोड़ गए समृद्ध विरासत
डॉ. नवल किशोर गुप्ता अपने पीछे पत्नी श्रीमती शशिवाला राठी, पुत्रवधु, पौत्र आर्य वर्धन तथा तीन विवाहित पुत्रियों और दामादों सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनके पुत्र डॉ. निशांत गुप्ता का कुछ वर्ष पूर्व ही निधन हो चुका था।
अंतिम संस्कार में उमड़े गणमान्य लोग
मॉडल टाउन श्मशान घाट पर आयोजित अंतिम संस्कार में प्रदेश के वन मंत्री डॉ. अरुण कुमार, कैंट विधायक संजीव अग्रवाल, महापौर डॉ. उमेश गौतम, पूर्व महापौर डॉ. आई.एस. तोमर, डॉ. केशव अग्रवाल, डॉ. प्रमेन्द्र माहेश्वरी, विनोद पगरानी, विमल भारद्वाज, प्रदीप गोयल, विधान टंडन, विशाल मेहरोत्रा, डॉ. पवन सक्सेना, मुकेश तिवारी, निर्भय सक्सेना सहित चिकित्सा, व्यापार, उद्योग, साहित्य और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
स्वास्थ्य सेवाओं का खड़ा किया विशाल वटवृक्ष
डॉ. नवल किशोर गुप्ता को बरेली के चिकित्सा जगत का “भीष्म पितामह” कहा जाता था। उन्होंने स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देते हुए गंगाशील ग्रुप ऑफ हॉस्पिटल्स एंड इंस्टीट्यूशंस की स्थापना की।
अनेक संस्थानों के थे संस्थापक
उन्होंने शील नर्सिंग होम, शील अस्पताल, गंगाचरण अस्पताल, गंगाशील अस्पताल, गंगाशील आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज, गंगाशील ब्लड बैंक, गंगाशील नर्सिंग एवं पैरामेडिकल कॉलेज तथा गंगाशील महाविद्यालय जैसी संस्थाओं की स्थापना कर समाज को अमूल्य सेवाएं प्रदान कीं।
बरेली ने खो दिया चिकित्सा क्षेत्र का एक युगपुरुष
डॉ. नवल किशोर गुप्ता का निधन केवल एक चिकित्सक का निधन नहीं, बल्कि स्वास्थ्य सेवाओं और चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में एक युग के अवसान के रूप में देखा जा रहा है। उनके द्वारा स्थापित संस्थान आने वाली पीढ़ियों को सेवा और समर्पण की प्रेरणा देते रहेंगे।

