ज्ञान समीक्षा ऐप, निपुण लक्ष्य, आकलन और लेखन कौशल की दी जानकारी; नवंबर में होने वाले निपुण टेस्ट की तैयारी अभी से करने के निर्देश
बरेली। बीआरसी फैजनगर में आयोजित FLN (Foundational Literacy and Numeracy) के पांच दिवसीय प्रशिक्षण के प्रथम बैच का सोमवार को समापन हो गया। प्रशिक्षण में शिक्षकों एवं शिक्षा मित्रों को बाल वाटिका से कक्षा पांच तक बच्चों में बुनियादी साक्षरता एवं संख्या ज्ञान विकसित करने की विभिन्न रणनीतियों, गतिविधियों और आकलन की जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण के दौरान प्रशिक्षक विमल कुमार अवस्थी ने ज्ञान समीक्षा ऐप के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए बाल वाटिका से कक्षा पांच तक के निपुण लक्ष्यों, कैच-अप कार्यक्रम के क्रियान्वयन तथा शिक्षक प्रशिक्षण 2026-27 की रूपरेखा से प्रतिभागियों को अवगत कराया।

एआरपी एवं प्रशिक्षक फहीम अहमद ने विभिन्न आकलनों एवं सर्वेक्षणों पर आधारित अनुशंसाओं को साझा किया। उन्होंने बच्चों से खुले छोर वाले प्रश्न पूछने, सुलेख को अर्थपूर्ण अभिव्यक्ति की ओर ले जाने तथा नियमित साप्ताहिक आकलन पर विशेष जोर दिया। उन्होंने बताया कि बच्चों को केवल सही उत्तर देने तक सीमित न रखते हुए उन्हें अपनी बात रखने और सोचने का अवसर दिया जाना चाहिए।

LLF( language and learning foundation) के भुता ब्लॉक कॉर्डिनेटर सुंदर लाल ने रोचक गतिविधियों के माध्यम से प्रशिक्षण को जीवंत और सहज बनाया। उन्होंने लेखन कौशल विकसित करने के लिए आदर्श लेखन, साझा लेखन, मार्गदर्शित लेखन और स्वतंत्र लेखन की प्रक्रिया पर विस्तार से चर्चा की।

प्रशिक्षक अनुज शर्मा ने बच्चों को अभिव्यक्ति और चर्चा के पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि बच्चों से प्रश्न पूछने के बाद उन्हें उत्तर सोचने के लिए पर्याप्त समय दिया जाना चाहिए और उनके प्रयासों की सराहना की जानी चाहिए, जिससे उनमें आत्मविश्वास विकसित हो।
प्रशिक्षण के दौरान चार ब्लॉक मैथड, GRR, TARL, संदर्शिकाओं के सही प्रयोग, कौशल शिक्षण, अभ्यास तथा गणित खेल जैसी गतिविधियों और रणनीतियों के बारे में भी जानकारी दी गई। प्रतिभागियों को इनका कक्षा-कक्ष में प्रभावी प्रयोग करने के तरीके बताए गए।
ARP विकास शुक्ला, माया भवानी आदि ने भी मौखिक कौशल, शब्द भंडार, माइंड मैपिंग और स्वतंत्र लेखन की अवधारणा पर प्रकाश डाला।

इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी शशांक शुक्ला ने शिक्षकों को निर्देश दिया कि विद्यालयों में निपुण ऐप के माध्यम से निपुण टेस्ट कराया जाए। उन्होंने बताया कि आगामी नवंबर में निपुण टेस्ट प्रस्तावित है, इसलिए सभी शिक्षक इसकी तैयारी अभी से शुरू कर दें और बच्चों को निपुण लक्ष्यों के अनुरूप तैयार करें।
यह FLN प्रशिक्षण का पहला बैच था। प्रशिक्षण के समापन पर प्रतिभागियों ने इसे उपयोगी, रोचक एवं ज्ञानवर्धक बताया। प्रशिक्षण में शामिल शिक्षा मित्र अब्दुल हसन ने कहा कि पांच दिनों में कई नई रणनीतियां और गतिविधियां सीखने को मिली हैं, जिन्हें विद्यालय में बच्चों के साथ साझा कर उनके सीखने के स्तर को बेहतर बनाने का प्रयास किया जाएगा।
