12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर पनवड़िया सद्भावना मंडप में भव्य कार्यक्रम
रामपुर। जिला प्रशासन एवं आयुष विभाग द्वारा 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सांस्कृतिक सद्भावना मंडप, पनवड़िया में भव्य जनपद स्तरीय योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ कृषि राज्य मंत्री बलदेव सिंह औलख, पूर्व केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी, जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, जिला पंचायत अध्यक्ष ख्यालीराम लोधी एवं अन्य जनप्रतिनिधियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।

प्रधानमंत्री का संबोधन सुना, हजारों लोगों ने किया योगाभ्यास
इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और नागरिकों ने कोलकाता से प्रसारित प्रधानमंत्री के प्रेरणादायी संबोधन का सीधा प्रसारण भी सुना। योग प्रशिक्षकों के निर्देशन में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, पुलिस जवानों, स्काउट-गाइड, एनसीसी कैडेटों, विद्यार्थियों तथा बड़ी संख्या में आमजन ने विभिन्न योगासनों एवं प्राणायाम का अभ्यास किया।
योग को वैश्विक पहचान दिलाने का श्रेय प्रधानमंत्री को : बलदेव औलख
मुख्य अतिथि कृषि राज्य मंत्री बलदेव सिंह औलख ने कहा कि प्रधानमंत्री की प्रेरणा से योग को वैश्विक पहचान मिली है और आज विश्व के अनेक देशों में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस उत्साहपूर्वक मनाया जा रहा है, जो प्रत्येक भारतीय के लिए गर्व का विषय है।
उन्होंने कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक परंपरा एवं जीवन दर्शन का अभिन्न अंग है। योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ, संतुलित एवं सकारात्मक जीवन जीने की समग्र पद्धति है।
योग से मिलता है शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक स्वास्थ्य
मंत्री बलदेव औलख ने कहा कि नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक रूप से स्वस्थ रहता है। योग तनाव को दूर करने, रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने तथा जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए योग को दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाना अत्यंत आवश्यक है।
योग हमारी सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक : मुख्तार अब्बास नकवी
पूर्व केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि भारत की प्राचीन आयुर्वेद, यूनानी एवं योग परंपरा को विश्व पटल पर स्थापित करने में प्रधानमंत्री की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि योग हमारी हजारों वर्षों पुरानी सभ्यता और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है।
उत्कृष्ट योग प्रशिक्षकों का हुआ सम्मान
कार्यक्रम के अंत में अतिथियों द्वारा उत्कृष्ट कार्य करने वाले योग प्रशिक्षकों को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, छात्र-छात्राएं तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
रिपोर्ट – तारिक अली खाँ

