गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए मजबूत आधारभूत सुविधाएं जरूरी : कुंवर महाराज सिंह

प्राथमिक विद्यालय बिल्हौआ को मिली आधुनिक शैक्षिक सुविधा

भुता (बरेली)। प्राथमिक विद्यालय बिल्हौआ में विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षिक वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए नवनिर्मित अतिरिक्त कक्षा-कक्ष भवन का लोकार्पण विधान परिषद सदस्य कुंवर महाराज सिंह ने किया। लगभग 23 लाख रुपये की लागत से निर्मित इस भवन का उद्घाटन खंड शिक्षा अधिकारी शशांक शुक्ला की उपस्थिति में संपन्न हुआ।

एमएलसी कुवंर महाराज सिंह को स्मृतिचिन्ह देते हुए।


भूकंपरोधी तकनीक से तैयार हुआ दो मंजिला भवन

प्रधानाध्यापक संतोष कुमार पांडे की देखरेख में निर्मित दो मंजिला भवन में नीचे और ऊपर एक-एक विशाल, हवादार एवं आधुनिक कक्षा का निर्माण कराया गया है। भवन को भूकंपरोधी तकनीक से बनाया गया है, जिससे विद्यार्थियों को सुरक्षित एवं सुविधाजनक शिक्षण वातावरण मिलेगा।

प्राथमिक विद्यालय बिलौहा में अतिरिक्त कक्षा का हुआ लोकार्पण
प्राथमिक विद्यालय बिलौहा के प्रांगण दृश्य।

लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए एमएलसी कुंवर महाराज सिंह ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए मजबूत आधारभूत सुविधाएं अत्यंत आवश्यक हैं। प्रदेश सरकार विद्यालयों के विकास और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने इस अवसर पर मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस योजना की भी जानकारी दी।

कार्यक्रम में बच्चों ने रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए।

भवन के रखरखाव पर दिया विशेष जोर

खंड शिक्षा अधिकारी शशांक शुक्ला ने विद्यालय परिवार को नए भवन की शुभकामनाएं देते हुए इसके नियमित रखरखाव और सदुपयोग पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि बेहतर शैक्षिक वातावरण से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को नई दिशा मिलेगी।

कक्ष के लोकार्पण में शामिल अतिथिगण व शिक्षक।


शिक्षकों एवं ग्रामीणों की रही उल्लेखनीय उपस्थिति

कार्यक्रम में दिनेश सिंह, अनुज शर्मा, प्रियंका शुक्ला, रोहित शर्मा, आमोद यादव, फहीम अहमद, विकास शुक्ला, फहीम करार, विमल अवस्थी, योगेश सक्सेना, अफजल, रेनू यदुवंशी, पायल, जितेंद्र सहित न्याय पंचायत के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं, शिक्षामित्र, अनुदेशक, ग्राम प्रधान भगवानदास, विनोद शुक्ला, रामकिशोर तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


प्रधानाध्यापक ने जताया आभार

कार्यक्रम के अंत में प्रधानाध्यापक संतोष कुमार पांडे ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनों का आभार व्यक्त करते हुए विद्यालय के विकास में सहयोग के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।