उद्यमी सरकारी विभागों से डरें नहीं, अपने उत्पादों की गुणवत्ता बढ़ाएं

सैन्ट्रल यू पी चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री वेलफेयर एसोसिएशन की ओर से आयोजित ईज ऑफ डूइंग बिजनेस परिचर्चा में उद्योग, खाद्य सुरक्षा, यूपीसीडा, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और अन्य विभागों के अधिकारियों ने उद्यमियों की समस्याएं सुनीं और समाधान का आश्वासन दिया।

ईज ऑफ डूइंग बिजनेस पर परिचर्चा में अधिकारियों ने उद्यमियों को दी योजनाओं और सुविधाओं की जानकारी

बरेली। सैन्ट्रल यू पी चैम्बर ऑफ कॉमर्स एण्ड इंडस्ट्री वेलफेयर एसोसिएशन द्वारा आयोजित “ईज ऑफ डूइंग बिजनेस” विषयक परिचर्चा में विभिन्न सरकारी विभागों के विभागाध्यक्षों एवं वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लेकर उद्यमियों की समस्याओं पर चर्चा की। वक्ताओं ने कहा कि उद्योगों की प्रगति एवं नए निवेश को प्रोत्साहित करने के लिए उद्योग जगत और सरकारी विभागों के बीच निरंतर संवाद आवश्यक है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अब उद्यमियों को सरकारी विभागों से डरने की आवश्यकता नहीं है, बल्कि अपने उत्पादों की गुणवत्ता बढ़ाने पर ध्यान देना चाहिए ताकि उनका निर्यात भी बढ़ सके।

उद्योग और व्यापार अर्थव्यवस्था की रीढ़

आईएमए भवन में आयोजित कार्यक्रम में संस्था के अध्यक्ष राजीव शिंघल ने कहा कि उद्योग, व्यापार एवं सेवा क्षेत्र किसी भी क्षेत्र की आर्थिक प्रगति की रीढ़ होते हैं। उन्होंने कहा कि उद्योगों के विकास के लिए सरल, पारदर्शी और व्यवसाय-अनुकूल नीतियां जरूरी हैं। उन्होंने प्रशासन द्वारा प्रक्रियाओं को डिजिटल और सरल बनाने के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि चैम्बर ऑफ कॉमर्स सदैव उद्योगों और व्यापारियों की समस्याओं को शासन एवं प्रशासन तक पहुंचाने का कार्य करता रहेगा।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने दी लाइसेंस और पंजीकरण की जानकारी

खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के सहायक आयुक्त संदीप कुमार चोरसिया ने खाद्य लाइसेंस, पंजीकरण, नवीनीकरण प्रक्रिया, ऑनलाइन सेवाओं एवं खाद्य सुरक्षा मानकों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि विभाग का उद्देश्य उपभोक्ताओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना है। उन्होंने उद्यमियों को आश्वस्त किया कि विभाग सहयोगात्मक दृष्टिकोण के साथ कार्य कर रहा है और किसी को भी विभाग से भयभीत होने की आवश्यकता नहीं है।

उद्योग विभाग ने बताईं सरकारी योजनाएं

संयुक्त आयुक्त उद्योग श्रीनाथ पासवान ने प्रदेश सरकार की औद्योगिक नीतियों, निवेश प्रोत्साहन योजनाओं, अनुदान सुविधाओं और ऑनलाइन अनुमोदन प्रणाली की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि उद्योग स्थापना एवं संचालन की प्रक्रियाओं को सरल और पारदर्शी बनाने के लिए सरकार निरंतर प्रयास कर रही है तथा उद्यमियों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान प्राथमिकता है।

रेलवे लॉजिस्टिक्स से परिवहन लागत कम करने पर जोर

रेलवे लॉजिस्टिक्स के संजीव शर्मा ने बताया कि रेलवे की माल ढुलाई, पार्सल सेवाओं और लॉजिस्टिक्स पार्कों का उपयोग कर उद्योगपति अपने परिवहन खर्च में कमी ला सकते हैं। उन्होंने व्यापारियों से रेलवे की विभिन्न सुविधाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।

जल संरक्षण और भू-जल प्रबंधन पर विशेष जोर

भू-जल विभाग के अधिशासी अभियंता सौरभ साह ने उद्योगों को जल संरक्षण, वर्षा जल संचयन और जल पुनर्चक्रण अपनाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि विभाग उद्योगों को आवश्यक अनुमतियां सरल और पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

यूपीसीडा ने आधारभूत सुविधाओं का दिया आश्वासन

यूपीसीडा के क्षेत्रीय प्रबंधक मंसूर कटियार ने कहा कि औद्योगिक क्षेत्रों में बेहतर सड़क, जल निकासी, स्वच्छता और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करना विभाग की प्राथमिकता है। उन्होंने उद्यमियों द्वारा उठाई गई समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।

पर्यावरण संरक्षण के साथ उद्योग विकास जरूरी

प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के प्रतिनिधि ने कहा कि औद्योगिक विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने उद्यमियों से स्वच्छ तकनीक अपनाने, अपशिष्ट प्रबंधन और प्रदूषण नियंत्रण मानकों का पालन करने की अपील की।

विकास प्राधिकरण ने बताई ऑनलाइन सेवाएं

बरेली विकास प्राधिकरण के प्रतिनिधि ने भवन मानचित्र स्वीकृति, भूमि उपयोग परिवर्तन एवं अन्य अनुमोदन प्रक्रियाओं को अधिक पारदर्शी और समयबद्ध बनाने की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि निवेश-अनुकूल वातावरण तैयार करने के लिए विभाग पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

उद्यमियों ने रखीं समस्याएं, अधिकारियों ने दिए जवाब

परिचर्चा के दौरान उद्यमियों ने लाइसेंस, मानचित्र स्वीकृति, भू-जल अनुमति, रेलवे सुविधाएं, औद्योगिक क्षेत्र की समस्याएं और अन्य प्रशासनिक मुद्दे अधिकारियों के समक्ष रखे। सभी विभागों के अधिकारियों ने सवालों के उत्तर देते हुए समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाया।

अंत में संस्था के अध्यक्ष राजीव शिंघल एवं सचिव शरद अग्रवाल ने सभी अतिथियों, अधिकारियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन अभिनव अग्रवाल एवं अल्पित अग्रवाल ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन सचिव शरद अग्रवाल ने दिया।

वरिष्ठ पत्रकार निर्भय सक्सेना की पत्नी मधुरिमा सक्सेना का निधन, अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में शामिल हुए शुभचिंतक

बरेली के वरिष्ठ पत्रकार निर्भय सक्सेना की पत्नी मधुरिमा सक्सेना

Read More »

लखनऊ अग्निकांड के बाद रामपुर में एक्शन, 22 कोचिंग सेंटरों

Read More »