अफवाह फैलाने वालों पर रहेगी कड़ी नजर, भ्रामक सूचना मिलने पर तुरंत पुलिस को करें सूचित
रामपुर। मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए रामपुर पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। गुरुवार शाम पुलिस अधीक्षक (एसपी) सोमेंद्र मीना ने थाना अजीमनगर क्षेत्र के खौद चौकी समेत संवेदनशील इलाकों का निरीक्षण कर भारी पुलिस बल के साथ फ्लैग मार्च निकाला। इस दौरान उन्होंने पुलिस अधिकारियों की ड्यूटी व्यवस्था का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी
एसपी सोमेंद्र मीना ने कहा कि सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने या आपत्तिजनक पोस्ट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि शरारती तत्वों पर लगातार नजर रखी जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
आमजन से सहयोग की अपील
फ्लैग मार्च के दौरान एसपी ने नागरिकों, धर्मगुरुओं, ताजियादारों और क्षेत्र के संभ्रांत लोगों से संवाद कर कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी भ्रामक सूचना या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल स्थानीय पुलिस को दें और किसी अफवाह पर बिना पुष्टि विश्वास न करें।
ताजियों की ऊंचाई को लेकर भी दिए निर्देश
इस दौरान सीओ टांडा पीतम सिंह ने ताजियादारों से ताजियों की ऊंचाई और लंबाई निर्धारित मानकों के अनुसार रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था बिजली के तारों से संभावित हादसों को रोकने और आमजन की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए की गई है।
संवेदनशील क्षेत्रों में बढ़ाई गई सुरक्षा
एसपी सोमेंद्र मीना ने भारी पुलिस बल के साथ क्षेत्र के भीड़भाड़ वाले इलाकों में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि मोहर्रम के दौरान हर गतिविधि पर सतर्क निगरानी रखी जाए ताकि पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।

