रामपुर पुलिस ने चोरी की कई वारदातों का किया खुलासा, गिरोह के नेटवर्क की तलाश जारी
रामपुर। मिलक थाना क्षेत्र में वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार कर चोरी की कई घटनाओं का खुलासा किया है। आरोपियों के कब्जे से लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात, नकदी तथा अवैध हथियार बरामद किए गए हैं। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और उनके नेटवर्क की तलाश में जुटी है।
पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीना ने पत्रकार वार्ता में बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रिहान उर्फ छोटू निवासी कांकर सराय (अमरोहा), शानू निवासी रुदपुरा (मुरादाबाद) तथा सुल्तान उर्फ मुस्तफा निवासी बेहल वाला (मुरादाबाद) के रूप में हुई है। इनमें रिहान और सुल्तान हिस्ट्रीशीटर अपराधी हैं और उनके खिलाफ विभिन्न थानों में कई मुकदमे दर्ज हैं।

वाहन चेकिंग में मिली बड़ी सफलता
एसपी ने बताया कि पुलिस टीम नियमित वाहन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान तीनों युवक संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिए। रोककर तलाशी लेने पर उनके पास से चोरी का माल, नकदी और अवैध असलहे बरामद हुए। पूछताछ में आरोपियों ने मिलक और शाहबाद क्षेत्र में हुई चोरी की कई घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।
दिन में रेकी, रात में चोरी
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे दिन के समय संभावित स्थानों की रेकी करते थे और रात में चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। पुलिस के अनुसार रिहान के पास से सोने के कुंडल, नथ, चांदी की पायल, बिछुए और करीब 32,500 रुपये नकद बरामद हुए। वहीं सुल्तान के कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण और लगभग 33,000 रुपये नकद मिले।
अवैध हथियार भी बरामद
गिरफ्तार आरोपियों के पास से दो तमंचे 12 बोर, कारतूस तथा अन्य सामान भी बरामद किया गया। बरामद माल की कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है।
गिरोह के नेटवर्क की तलाश जारी
एसपी सोमेंद्र मीना ने बताया कि जिले में हुई चार चोरी की घटनाओं का खुलासा इन आरोपियों की गिरफ्तारी से हो चुका है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि गिरोह ने अन्य किन-किन क्षेत्रों में चोरी की वारदातों को अंजाम दिया है और इनके अन्य साथी कौन हैं। जल्द ही और मामलों का खुलासा किए जाने की संभावना है।
तीन शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। इनके कब्जे से लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण, नकदी तथा अवैध हथियार बरामद हुए हैं। गिरफ्तार अभियुक्तों में दो हिस्ट्रीशीटर भी शामिल हैं। प्रारंभिक पूछताछ में अभियुक्तों ने कई चोरी की वारदातों में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस अब इनके पूरे नेटवर्क और अन्य साथियों की तलाश में जुटी है। जिले में हुई अन्य चोरी की घटनाओं के संबंध में भी जांच जारी है तथा जल्द ही और खुलासे किए जाएंगे। अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।” — सोमेंद्र मीना, पुलिस अधीक्षक, रामपुर.
जेल भेजे गए आरोपी
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

तारिक अली खान वरिष्ठ पत्रकार एवं स्वतंत्र लेखक हैं, जो रामपुर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सामाजिक, राजनीतिक एवं प्रशासनिक विषयों पर लेखन करते हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में उन्हें 18 वर्षों से अधिक का अनुभव प्राप्त है। वे पूर्व में दैनिक जागरण, दैनिक भास्कर, पंजाब केसरी, अमर भारती, जनमत टुडे एवं जीएनएस यूपी जैसे प्रतिष्ठित समाचार संस्थानों से जुड़े रहे हैं। पत्रकारिता में उत्कृष्ट योगदान के लिए उन्हें गोल्ड मेडल से सम्मानित किया जा चुका है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनसरोकार आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है। साथ ही वे दि पँछी हेडलाइंस के चीफ एडिटर भी हैं।


