बायोमेट्रिक जांच में खुली पोल, दूसरे अभ्यर्थी की जगह दे रहा था परीक्षा; असली उम्मीदवार की तलाश जारी
बरेली। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड की TGT परीक्षा के दौरान बरेली में बड़े फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ है। शहर के इस्लामिया गर्ल्स इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र पर दूसरे अभ्यर्थी की जगह परीक्षा दे रहे एक फर्जी सॉल्वर को बायोमेट्रिक सत्यापन के दौरान पकड़ लिया गया।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ धोखाधड़ी एवं परीक्षा अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी प्रमोद कुमार, जनपद आजमगढ़ का निवासी है। वह फर्रुखाबाद निवासी अभ्यर्थी विमल कुमार के स्थान पर TGT परीक्षा देने पहुंचा था।

केंद्र पर दस्तावेजों और बायोमेट्रिक सत्यापन के दौरान उसका थंब इंप्रेशन रिकॉर्ड से मेल नहीं खाया, जिसके बाद पूरा मामला सामने आ गया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि परीक्षा देने के लिए उसका विमल कुमार से डेढ़ लाख रुपये में सौदा हुआ था। उसने एडवांस रकम भी प्राप्त कर ली थी, जबकि शेष भुगतान परीक्षा में सफलता मिलने के बाद किया जाना था।
परीक्षा केंद्र प्रशासन की तहरीर पर शहर कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब असली अभ्यर्थी विमल कुमार की तलाश कर रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि कहीं इसके पीछे कोई संगठित सॉल्वर गैंग तो सक्रिय नहीं है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बायोमेट्रिक सत्यापन व्यवस्था के कारण यह फर्जीवाड़ा समय रहते पकड़ में आ गया। मामले की गहन जांच की जा रही है और पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने का प्रयास किया जा रहा है।

