युवा कांग्रेस की प्रदेश कार्यकारिणी बैठक में लोकतंत्र और मताधिकार की रक्षा का संकल्प

बरेली में उत्तर प्रदेश पश्चिम युवा कांग्रेस की प्रदेश कार्यकारिणी बैठक में 26 जिलों के पदाधिकारी शामिल हुए। लोकतंत्र, मताधिकार और चुनावी प्रक्रिया को लेकर नेताओं ने विचार रखे।

पश्चिमी यूपी के 26 जिलों से पहुंचे युवा कांग्रेस पदाधिकारी, चुनावी पारदर्शिता और मताधिकार के मुद्दे पर किया प्रदर्शन

बरेली। उत्तर प्रदेश पश्चिम युवा कांग्रेस की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में लोकतंत्र, संविधान और मताधिकार से जुड़े मुद्दों को लेकर संगठनात्मक स्तर पर सक्रियता बढ़ाने का संकल्प लिया गया।

बरेली के ग्रीन हवेली में प्रदेश अध्यक्ष पारस शुक्ला के नेतृत्व में आयोजित बैठक में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 26 जिलों से युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष, प्रदेश पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।

युवा संवाद कार्यक्रम में शामिल हुए 26 जिलों के कार्यकर्ता।

बैठक के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सह-प्रभारी, राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व विधायक कुणाल चौधरी ने युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि देश के युवाओं के सामने लोकतंत्र, संविधान और नागरिकों के मताधिकार की रक्षा की जिम्मेदारी है।

कुणाल चौधरी ने कहा कि राहुल गांधी लगातार चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता और मतदाताओं के अधिकारों से जुड़े सवाल उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का मानना है कि लोकतंत्र में जनता का वोट महत्वपूर्ण है और चुनाव प्रक्रिया को लेकर नागरिकों का विश्वास कायम रहना आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे तथा चुनावी प्रक्रिया से जुड़े कांग्रेस द्वारा उठाए गए सवालों पर संतोषजनक जवाब मिलने तक पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से अपना विरोध जारी रखेगी।

मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ सड़क पर कांग्रेस का प्रदर्शन।

26 जिलों से पहुंचे युवा कांग्रेस पदाधिकारी

प्रदेश अध्यक्ष पारस शुक्ला ने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 26 जिलों से युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भागीदारी यह दर्शाती है कि युवा लोकतंत्र और संविधान से जुड़े विषयों को लेकर सक्रिय हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से राहुल गांधी द्वारा उठाए जा रहे लोकतांत्रिक मुद्दों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

पूर्व महानगर कांग्रेस अध्यक्ष अजय शुक्ला ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता जनता के मताधिकार और निष्पक्ष चुनाव की मांग को लेकर लोकतांत्रिक मंचों पर अपनी आवाज उठाएंगे।

कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष शयान खान, अफसार खान, शाहजहांपुर जिलाध्यक्ष राम जी अवस्थी, अंसार अब्बासी, अकबर, हम्मतम, हसन, दानिश, शैफी, मुरादाबाद जिलाध्यक्ष, बिजनौर जिलाध्यक्ष गौतम सेरोदिया, ताबिश हसन, संदीप, पीलीभीत जिलाध्यक्ष, नवाब मुजाहिद हसन खान, पूर्व पार्षद महेश पंडित, चौधरी असलम मियां, मोनू पांडे और वैभव गंगवार सहित बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन पूर्व पार्षद महेश पंडित ने किया।

गांधी प्रतिमा स्थल तक निकाला विरोध प्रदर्शन

बैठक समाप्त होने के बाद बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस कार्यकर्ता मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और कांग्रेस द्वारा लगाए जा रहे “वोट चोरी” के आरोपों की जांच की मांग को लेकर नारे लगाते हुए गांधी प्रतिमा स्थल पहुंचे। यहां कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया और मुख्य चुनाव आयुक्त का प्रतीकात्मक पुतला दहन किया।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि उनके अनुसार लोकतंत्र में जनता का वोट केवल एक मत नहीं, बल्कि संविधान और लोकतांत्रिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है।

कार्यक्रम के माध्यम से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में युवा कांग्रेस की संगठनात्मक गतिविधियों, लोकतांत्रिक अधिकारों से जुड़े मुद्दों और युवाओं की राजनीतिक भागीदारी को लेकर संगठन की सक्रियता सामने आई।