चयन वेतनमान और विभिन्न लंबित एरियर के भुगतान में देरी पर शिक्षकों ने जताई नाराजगी, अधिकारियों ने जल्द निस्तारण का दिया आश्वासन
बरेली। राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ जनपद बरेली की जिलाध्यक्ष प्रियंका शुक्ला के नेतृत्व में शुक्रवार को एक प्रतिनिधिमंडल ने वित्त एवं लेखाधिकारी से मुलाकात कर शिक्षकों के लंबित अवशेष भुगतान और चयन वेतनमान से जुड़े एरियर के संबंध में ज्ञापन सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल ने अधिकारियों को बताया कि बड़ी संख्या में शिक्षकों के चयन वेतनमान और उसके अंतर का एरियर लंबे समय से लंबित है, जिससे शिक्षकों में नाराजगी बढ़ रही है। जिला महामंत्री सुनील कुमार शर्मा ने कहा कि कई शिक्षकों के देय भुगतान लंबे समय से कार्यालय में लंबित पड़े हैं, जिससे उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

जिला कोषाध्यक्ष परीक्षित गंगवार ने कहा कि विभिन्न प्रकार के एरियर बिना किसी उचित कारण के निरस्त किए जा रहे हैं, जो गंभीर विषय है। उन्होंने मांग की कि सभी लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण कर शिक्षकों का भुगतान सुनिश्चित किया जाए।
वित्त एवं लेखाधिकारी ने प्रतिनिधिमंडल को बताया कि ग्रांट उपलब्ध न होने के कारण एरियर भुगतान में देरी हुई है। उन्होंने चयन वेतनमान के अंतर से संबंधित एरियर जल्द जारी करने का आश्वासन दिया।
मुलाकात के दौरान महिला उपाध्यक्ष पारुल चंद्रा, भुता ब्लॉक अध्यक्ष अवनीश गंगवार, मझगांवा ब्लॉक अध्यक्ष सत्यपाल सिंह, रामनगर ब्लॉक अध्यक्ष त्रिभुवन सिंह, हरविंद्र सिंह, हरिशंकर, पूरन सिंह, मोहित गंगवार सहित संगठन के अन्य सदस्य मौजूद रहे।






