राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाध्यक्ष प्रियंका शुक्ला के नेतृत्व में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के माध्यम से जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर कई अहम मांगें रखीं
बरेली। राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के प्रतिनिधिमंडल ने आज जिलाध्यक्ष प्रियंका शुक्ला के नेतृत्व में जनपद बरेली में प्रस्तावित शिक्षक समायोजन प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित किए जाने की मांग को लेकर जिलाधिकारी महोदय/अध्यक्ष शिक्षक समायोजन समिति को संबोधित ज्ञापन जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के माध्यम से सौंपा।
ज्ञापन में संगठन ने कहा कि माननीय उच्च न्यायालय के निर्देशों एवं शासनादेशों के अनुरूप शिक्षक समायोजन प्रक्रिया को पूर्णतः पारदर्शी, न्यायसंगत एवं व्यवहारिक रूप से संपन्न कराया जाना आवश्यक है।
संगठन ने मांग की कि जनपद के एकल एवं बंद विद्यालयों की सूची सार्वजनिक की जाए तथा सरप्लस शिक्षकों की सूची भी पारदर्शिता के हित में प्रकाशित की जाए। इसके अतिरिक्त दिव्यांग शिक्षकों को समायोजन प्रक्रिया से मुक्त रखने तथा 58 वर्ष से अधिक आयु के शिक्षक-शिक्षिकाओं को इस प्रक्रिया से बाहर रखने की मांग भी रखी गई।
ज्ञापन में यह भी आग्रह किया गया कि समायोजन प्रक्रिया काउंसलिंग के माध्यम से संपन्न कराई जाए, जिससे पूरी प्रक्रिया में निष्पक्षता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित हो सके। साथ ही संगठन के ब्लॉक पदाधिकारियों को समायोजन प्रक्रिया से मुक्त रखने अथवा उन्हें संबंधित ब्लॉक के भीतर ही समायोजित किए जाने की मांग की गई।
संगठन ने प्रशासन से उपरोक्त मांगों पर संवेदनशीलता के साथ विचार करते हुए आवश्यक कार्रवाई किए जाने का अनुरोध किया।
इस अवसर पर जिला महामंत्री सुनील कुमार शर्मा, जिला संगठन मंत्री सत्यार्थ पाराशरी, जिला कोषाध्यक्ष परीक्षित गंगवार, ब्लॉक अध्यक्ष भुता अवनीश गंगवार, ब्लॉक अध्यक्ष मझगांव सत्यपाल सिंह, हरविंद्र सिंह सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।






