फेम इंडिया के राष्ट्रीय सर्वेक्षण में बरेली के डीएम अविनाश सिंह को मिली बड़ी उपलब्धि
बरेली। देश की प्रतिष्ठित मैगजीन फेम इंडिया द्वारा कराए गए अखिल भारतीय सर्वेक्षण में बरेली के जिलाधिकारी अविनाश सिंह को देश के 100 उत्कृष्ट एवं सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले जिला मजिस्ट्रेटों में शामिल किया गया है। इस उपलब्धि से बरेली जिले में खुशी का माहौल है और इसे पूरे उत्तर प्रदेश के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
फेम इंडिया मैगजीन अपने विशेष संस्करण ‘बेस्ट डिस्ट्रिक्ट मजिस्ट्रेट-2026’ में चयनित अधिकारियों के प्रशासनिक कार्यों, नवाचारों और जनसेवा में उनके योगदान को प्रमुखता से प्रकाशित करेगी। उत्तर प्रदेश से चयनित आठ जिलाधिकारियों में बरेली के डीएम अविनाश सिंह का नाम भी शामिल है।
- बेहतर प्रशासन और जनसेवा के लिए राष्ट्रीय स्तर पर मिली पहचान
- यूपी के चयनित 8 जिलाधिकारियों में शामिल हुए बरेली के डीएम
- देशभर के 800 जिलों के सर्वे में बरेली ने बनाई खास जगह
- प्रशासनिक क्षमता और त्वरित निर्णय के लिए मिला सम्मान
जानकारी के अनुसार यह सर्वेक्षण देश के करीब 800 जिलों में किया गया, जिसमें चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में बेहतर प्रशासनिक नेतृत्व देने वाले अधिकारियों का मूल्यांकन किया गया। प्रारंभिक सूची में शामिल 100 अधिकारियों में से 25 अधिकारियों को विशेष श्रेणी में स्थान दिया जाएगा।
सर्वेक्षण एशिया पोस्ट एजेंसी के सहयोग से संपन्न हुआ। इसमें जिला मजिस्ट्रेटों का आकलन 10 प्रमुख मानकों पर किया गया, जिनमें उत्कृष्ट प्रशासनिक क्षमता, प्रभावी शासन, दूरदृष्टि एवं नवाचार, जवाबदेही, त्वरित निर्णय क्षमता, संकट प्रबंधन कौशल, संवेदनशीलता, जनसंपर्क, संवाद क्षमता और विकासोन्मुख सोच शामिल रहे।
बरेली के लोगों ने डीएम अविनाश सिंह की इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए इसे जिले के लिए सम्मान की बात बताया है।
उत्तर प्रदेश से चयनित जिलाधिकारियों में अविनाश सिंह (बरेली), सत्येंद्र कुमार (वाराणसी), विशाख जी अय्यर (लखनऊ), विजय कुमार सिंह (मेरठ), अंजनी कुमार सिंह (मैनपुरी), अस्मिता लाल (बागपत), राजेंद्र पेंसिया (संभल) तथा रविंद्र कुमार (आजमगढ़) शामिल हैं।






