स्मार्ट सिटी और मुख्यमंत्री ग्रिड योजना और गरीब कल्याण योजनाओं से बदली करोड़ों लोगों की जिंदगी, शिकायतों के समाधान का दिया भरोसा
बरेली। बरेली के प्रभारी मंत्री एवं सहकारिता विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जेपीएस राठौर ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश में एम्स की स्थापना के लिए केंद्र सरकार से सिफारिश की है और उम्मीद है कि यह सपना जल्द ही धरातल पर साकार होगा। उन्होंने कहा कि बरेली में मुख्यमंत्री ग्रिड योजना के तहत बन रही सड़कों और स्मार्ट सिटी परियोजनाओं में आ रही शिकायतों के संबंध में अधिकारियों से वार्ता कर समाधान का प्रयास किया जाएगा।
देश की अर्थव्यवस्था और बुनियादी ढांचे में ऐतिहासिक बदलाव
पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए जेपीएस राठौर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने पिछले 12 वर्षों में सेवा, सुशासन और विकास की नई मिसाल कायम की है। जनता ने लगातार तीन बार जनादेश देकर यह साबित किया है कि राष्ट्रहित में लिए गए निर्णयों पर उसका विश्वास कायम है।

उन्होंने कहा कि भारत आज दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है और जल्द ही तीसरी सबसे बड़ी आर्थिक शक्ति बनने की ओर अग्रसर है। राष्ट्रीय राजमार्गों, रेलवे, हवाई अड्डों और डिजिटल भुगतान के क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति हुई है। यूपीआई लेनदेन में हजारों गुना वृद्धि हुई है और देश डिजिटल अर्थव्यवस्था का वैश्विक नेतृत्व कर रहा है।
गरीब कल्याण योजनाओं से बदली करोड़ों लोगों की जिंदगी
प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना, जनधन योजना, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना और किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है। उन्होंने दावा किया कि पिछले वर्षों में लगभग 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं।
महिला सशक्तिकरण और किसान कल्याण पर विशेष जोर
जेपीएस राठौर ने कहा कि सरकार ने महिलाओं और किसानों के सशक्तिकरण के लिए अनेक योजनाएं संचालित की हैं। उज्ज्वला योजना, लखपति दीदी योजना, सुकन्या समृद्धि योजना और किसान सम्मान निधि इसके प्रमुख उदाहरण हैं।
विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में अग्रसर देश
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के 12 वर्ष केवल योजनाओं का लेखा-जोखा नहीं बल्कि विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की ऐतिहासिक यात्रा हैं। मजबूत नेतृत्व, स्पष्ट नीतियों और जनभागीदारी के बल पर भारत 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
इस अवसर पर सांसद छत्रपाल गंगवार, जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, एमएलसी बहोरन लाल मौर्य, विधायक संजीव अग्रवाल, जिला अध्यक्ष सोमपाल शर्मा, महानगर अध्यक्ष अधीर सक्सेना, मीडिया प्रभारी अंकित माहेश्वरी सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे।

