रक्तदान एवं स्टेम सेल डोनर पंजीकरण शिविर में उमड़ा जनसैलाब
बरेली। विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए), बरेली द्वारा आयोजित स्वैच्छिक रक्तदान शिविर एवं स्टेम सेल डोनर पंजीकरण शिविर में 200 से अधिक यूनिट रक्तदान किया गया।

रक्तदाताओं ने मानव सेवा के इस अभियान में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई
वन राज्य मंत्री डॉ. अरुण कुमार ने किया शुभारंभकार्यक्रम का शुभारंभ उत्तर प्रदेश सरकार के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. अरुण कुमार ने किया। इस अवसर पर पूर्व महापौर डॉ. आई.एस. तोमर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर दिया गया जोर
कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में रक्तदान एवं स्टेम सेल दान के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा जरूरतमंद मरीजों को जीवनदान देने के इस महाअभियान से अधिक से अधिक लोगों को जोड़ना था। वक्ताओं ने रक्तदान को मानवता की सबसे बड़ी सेवा बताया।
चिकित्सकों और सामाजिक प्रतिनिधियों की रही सक्रिय सहभागिता
कार्यक्रम में आईएमए बरेली के मानद सचिव डॉ. अंशु अग्रवाल, आगामी अध्यक्ष डॉ. डी.पी. गंगवार, कम्युनिटी सर्विस चेयरमैन डॉ. प्रमेन्द्र महेश्वरी, आईएमए ब्लड सेंटर की निदेशक डॉ. अंजू उप्पल, डॉ. जे.पी. सेठी, डॉ. पारुल प्रिया, आईटीबीपी के चीफ मेडिकल ऑफिसर डॉ. जे. भरत, चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष राजीव सिंघल एवं आईटीबीपी की टीम उपस्थित रही।

स्टेम सेल डोनर पंजीकरण को मिला अच्छा प्रतिसाद
धर्ती टीम एवं शारदा केयर हेल्थ सिटी की विशेषज्ञ टीम ने स्टेम सेल दान की प्रक्रिया, आवश्यकता और इसके महत्व के बारे में विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान अनेक लोगों ने स्टेम सेल डोनर के रूप में अपना पंजीकरण भी कराया।
आईएमए बरेली ने सभी रक्तदाताओं, स्टेम सेल डोनर्स, चिकित्सकों, अतिथियों, आईटीबीपी टीम, धर्ती टीम, शारदा केयर हेल्थ सिटी तथा सहयोगी संस्थाओं का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे जनहित एवं मानव सेवा से जुड़े कार्यक्रमों को निरंतर आयोजित करने का संकल्प दोहराया।

