24 जुलाई को रिलीज होगी फैमिली एंटरटेनर फिल्म, बरेली के कई ऐतिहासिक स्थान भी बड़े पर्दे पर दिखेंगे
बरेली। बॉलीवुड फिल्म ‘दुल्हनिया ले आएगी’ में बरेली के प्रसिद्ध कोरियोग्राफर विजय कमांडो और गंतव्य कमांडो भी अहम किरदार निभाते नजर आएंगे। दोनों कलाकार फिल्म में पंडित की भूमिका में दिखाई देंगे।
फिल्म का निर्देशन और निर्माण आकाश आदित्य लामा ने किया है। सह-निर्माता अतुल गंगवार हैं, जबकि कहानी जयंत गुप्ता और गीत जे.पी. गंगवार ने लिखे हैं।

फिल्म में अभिनेत्री खुशाली कुमार मुख्य भूमिका में हैं, जो पारंपरिक दुल्हन के रूप में नजर आएंगी। उनके साथ
पियूष मिश्रा और महेश मांजरेकर भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में दिखाई देंगे।
फिल्म की खास बात यह है कि इसमें बरेली के कई ऐतिहासिक और प्रमुख स्थान, जैसे बरेली कॉलेज, रेलवे स्टेशन, कोतवाली, सिविल लाइंस, रामगंगा और शहर के प्रमुख बाजारों को भी फिल्माया गया है।

निर्देशक आकाश आदित्य लामा के अनुसार, ‘दुल्हनिया ले आएगी’ एक पारिवारिक मनोरंजन से भरपूर फिल्म है, जिसकी कहानी एक ऐसी दुल्हन के इर्द-गिर्द घूमती है, जो एक खास मिशन और तय समयसीमा के साथ आगे बढ़ती है। फिल्म में कॉमेडी, इमोशन, ड्रामा और कई अप्रत्याशित मोड़ दर्शकों को देखने को मिलेंगे।
फिल्म का फर्स्ट लुक जारी होने के बाद दर्शकों में इसे लेकर उत्सुकता बढ़ गई है। ‘दुल्हनिया ले आएगी’ 24 जुलाई को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

