पटेल चौक स्काई वॉक के विस्तार का प्रस्ताव, मेयर बोले— योजना पर गंभीरता से विचार कर रहा नगर निगम
बरेली। शहर के विकास और रोजगार सृजन को लेकर ‘जनसेवा टीम’ के अध्यक्ष एवं समाजसेवी पम्मी ख़ाँ वारसी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने नगर निगम पहुंचकर महापौर डॉ. उमेश गौतम को ज्ञापन सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल ने पटेल चौक (अय्यूब ख़ाँ चौराहा) स्थित स्काई वॉक का अधिकतम जनहित में उपयोग सुनिश्चित करने के लिए उसे शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के रूप में विकसित करने का प्रस्ताव रखा।
ज्ञापन में सुझाव दिया गया कि स्काई वॉक के दोनों ओर लगभग छह-छह फीट अतिरिक्त फ्लोर एरिया विकसित कर सुनियोजित ढंग से छोटी-छोटी दुकानों का निर्माण कराया जाए। इससे स्थानीय बेरोजगार युवाओं और छोटे व्यापारियों को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे, वहीं नगर निगम की आय में भी उल्लेखनीय वृद्धि होगी।
प्रतिनिधिमंडल का कहना था कि वर्तमान में मुख्य सड़कों और चौराहों पर लगने वाले ठेले एवं अस्थायी दुकानों को इस प्रस्तावित मार्केट में व्यवस्थित रूप से स्थानांतरित किया जा सकता है। इससे अतिक्रमण और ट्रैफिक जाम जैसी समस्याओं में कमी आएगी, साथ ही स्काई वॉक का बेहतर उपयोग भी सुनिश्चित होगा।
जनसेवा टीम ने यह भी कहा कि स्मार्ट सिटी परियोजना के अंतर्गत निर्मित यह स्काई वॉक लंबे समय से पूरी क्षमता के साथ संचालित नहीं हो सका है। यदि इसे “स्काई वॉक शॉपिंग कॉम्प्लेक्स” के रूप में विकसित किया जाता है तो इससे शहर की व्यावसायिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और पटेल चौक क्षेत्र की सुंदरता एवं उपयोगिता में भी वृद्धि होगी।
महापौर डॉ. उमेश गौतम ने प्रतिनिधिमंडल के सुझाव की सराहना करते हुए कहा कि नगर निगम भी इस प्रकार की योजना पर गंभीरता से विचार कर रहा है। उन्होंने आश्वासन दिया कि प्रस्ताव का परीक्षण कर जल्द ही आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
ज्ञापन सौंपने वालों में व्यापारी नेता विशाल मल्होत्रा, डॉ. सीताराम राजपूत, निक्की वर्मा, हाजी साकिब रज़ा ख़ाँ, हाजी उवैस ख़ाँ, हाजी डॉ. कासिमुद्दीन, अहमद उल्लाह वारसी सहित जनसेवा टीम के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

