बरेली: आईआईए और खाद्य सुरक्षा विभाग की मंथन बैठक में उद्योगों की समस्याओं पर हुआ मंथन

बरेली में आईआईए और खाद्य सुरक्षा विभाग की मंथन बैठक में एफएसएसएआई नियम, लाइसेंसिंग, खाद्य सुरक्षा मानकों और उद्योगों की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई। उद्यमियों को विभाग ने त्वरित समाधान का आश्वासन दिया।

एफएसएसएआई नियमों, लाइसेंसिंग और खाद्य सुरक्षा मानकों पर उद्यमियों के साथ हुआ विस्तृत संवाद

बरेली। इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (आईआईए) बरेली चैप्टर एवं खाद्य सुरक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में खाद्य उद्योगों से जुड़ी समस्याओं, एफएसएसएआई (FSSAI) के प्रावधानों और खाद्य सुरक्षा मानकों के प्रभावी अनुपालन को लेकर एक मंथन बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभागीय अधिकारियों और उद्यमियों के बीच सकारात्मक संवाद हुआ तथा विभिन्न व्यावहारिक समस्याओं एवं सुझावों पर विस्तार से चर्चा की गई।

खाद्य सुरक्षा विभाग का सहयोगात्मक दृष्टिकोण


सहायक आयुक्त (खाद्य सुरक्षा) संदीप चौरसिया ने कहा कि विभाग का उद्देश्य उद्योगों के साथ सहयोगात्मक दृष्टिकोण अपनाकर उपभोक्ताओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है।

उन्होंने बताया कि विभाग समय-समय पर जागरूकता कार्यक्रम और संवाद के माध्यम से खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन को बढ़ावा दे रहा है।
एफएसएसएआई के नियमों और लाइसेंस प्रक्रिया की दी जानकारी

डेजिग्नेटेड ऑफिसर राहुल सिंह ने एफएसएसएआई के विभिन्न प्रावधानों, लाइसेंसिंग प्रक्रिया, विभागीय कार्यप्रणाली तथा गुणवत्ता मानकों की जानकारी दी। वहीं चीफ फूड सेफ्टी ऑफिसर अक्षय गोयल ने खाद्य नमूनों की जांच प्रक्रिया, निरीक्षण व्यवस्था तथा सुरक्षा संबंधी सावधानियों पर विस्तार से प्रकाश डाला।


उपभोक्ता जागरूकता अभियान चलाने की मांग


बीएल एग्रो के चेयरमैन घनश्याम खंडेलवाल ने कहा कि आम उपभोक्ताओं में खाद्य सुरक्षा संबंधी पर्याप्त जागरूकता का अभाव है। उन्होंने विभाग से जन-जागरूकता अभियान और सेमिनार आयोजित करने का सुझाव दिया, जिससे उपभोक्ताओं और उद्योगों दोनों को लाभ मिल सके।


उद्योग और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय पर जोर


आईआईए बरेली चैप्टर के चेयरमैन शेखर अग्रवाल ने कहा कि खाद्य उद्योग देश की अर्थव्यवस्था और रोजगार सृजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन उद्योगों की साख और उपभोक्ताओं के विश्वास को मजबूत करता है तथा आईआईए उद्योग और प्रशासन के बीच सेतु की भूमिका निभाता रहेगा।


लाइसेंस, लेबलिंग और ऑनलाइन पोर्टल की समस्याएं उठीं

बैठक में उद्यमियों ने खाद्य लाइसेंस एवं पंजीकरण, नवीनीकरण, लेबलिंग, पैकेजिंग, गुणवत्ता नियंत्रण, सैंपलिंग, निरीक्षण प्रणाली, ऑनलाइन आवेदन पोर्टल की तकनीकी समस्याओं तथा नियामकीय अनुपालन जैसे विषयों पर अपनी समस्याएं और सुझाव रखे। विभागीय अधिकारियों ने सभी समस्याओं के त्वरित समाधान का आश्वासन दिया।


40 से अधिक उद्यमियों ने की सहभागिता

कार्यक्रम का संचालन मंथन बैठक के संयोजक एवं एमओसी राजीव आनंद ने किया। अंत में चैप्टर सचिव धनंजय विक्रम सिंह ने सभी अधिकारियों एवं उद्यमियों का आभार व्यक्त किया।

बैठक में राष्ट्रीय सचिव मयूर धीरवानी, आशीष गुप्ता, सतीश अग्रवाल, मनोज पंजाबी, संदीप हरि, तनुज भसीन, राकेश धीरवानी, शंकर अग्रवाल, तुषार गोयल, अंकित गोयल, सुनीत मूना, दिलीप खंडेलवाल, विभोर गोयल, अंकित बंसल, अनुज मेहरोत्रा, अशोक मित्तल सहित लगभग 40 उद्यमियों ने भाग लिया।