बरेली। फोटो विजन के तत्वावधान में दो दिवसीय फोटोग्राफी प्रदर्शनी “दृष्टि–2026” में फोटो विजन के सदस्यों के कलात्मक एवं रचनात्मक छायाचित्र को दर्शकों की सराहना मिली।
यामिनी आर्ट गैलरी, युगवीना लाइब्रेरी में लगी फोटो प्रदर्शनी में गोपाल शर्मा, डॉ. पंकज शर्मा, डॉ. सुधांशु आर्य, शरद मिश्रा, अभिषेक द्विवेदी, अभय गंगवार, बिपिन मेहरा, गौरांग दीक्षित, डॉ. दीपक रस्तोगी और सनी नाथ के छायाचित्र शामिल थे। इन फोटो में प्रकृति के विविध रूपों, मानवीय जीवन के भावों एवं रंगों तथा वन्यजीवन को संवेदनशील और प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया।

फोटोग्राफ की सशक्त कंपोजीशन, विषय- वस्तु की विविधता और आकर्षक प्रस्तुति ने दर्शकों का विशेष ध्यान आकर्षित किया। प्रदर्शनी के अंतिम दिन बड़ी संख्या में कला एवं फोटोग्राफी प्रेमियों ने पहुंचकर छायाचित्रों का अवलोकन किया और फोटोग्राफरों की रचनात्मकता की सराहना की।
इस अवसर पर इन्वर्टिस यूनिवर्सिटी के मास कम्युनिकेशन विभाग के छात्र भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए फोटोग्राफी की तकनीक, विषय चयन और रचनात्मक प्रस्तुति में विशेष रुचि दिखाई।समापन अवसर पर साहित्यकार डॉ. राजेश शर्मा, चित्रकार एवं कवि डॉ. रमेश गौतम, इतिहासविद श्री रणजीत पंचाले, निर्भय सक्सेना, शिक्षाविद कैप्टन राजीव धींगरा, श्रीमती पूनम धींगरा, शिक्षिका निधि गुप्ता तथा पुरातत्वविद डॉ. अनूप रंजन मिश्रा सहित अनेक कला एवं फोटोग्राफी प्रेमी उपस्थित रहे।

फोटो विजन के अध्यक्ष गोपाल शर्मा, सचिव डॉ. पंकज शर्मा ने प्रदर्शनी को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी अतिथियों, दर्शकों एवं सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया।


