वन मंत्री डॉ. अरुण कुमार की मौजूदगी में हुआ समारोह, खिलाड़ियों की हरसंभव मदद का दिया आश्वासन
बरेली। बीएल एग्रो और उत्तर प्रदेश पैरा स्पोर्ट्स एसोसिएशन की ओर से 5वें एशियाई पैरा खेल 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले उत्तर प्रदेश के 13 पैरा खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया।
बरेली स्थित बीएल एग्रो स्टेडियम में आयोजित समारोह में वन एवं पर्यावरण मंत्री डॉ. अरुण कुमार ने खिलाड़ियों को सम्मानित किया। खिलाड़ियों ने एथलेटिक्स, हाई जंप, जैवलिन थ्रो, शॉट पुट, डिस्कस थ्रो, पैरा आर्चरी, पैरा टेबल टेनिस और पैरा बैडमिंटन सहित विभिन्न स्पर्धाओं में पदक जीतकर प्रदेश का गौरव बढ़ाया।
18 से 24 अक्टूबर तक जापान के आइची-नागोया में आयोजित एशियाई पैरा खेलों में खिलाड़ियों की उपलब्धियों का जश्न मनाने के लिए आयोजित समारोह में बीएल एग्रो के चेयरमैन घनश्याम खंडेलवाल ने खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि बीएल एग्रो पैरा खिलाड़ियों को खेल संबंधी हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास करेगा।
वन मंत्री डॉ. अरुण कुमार ने कहा कि बीएल एग्रो ने पैरा खिलाड़ियों का सम्मान कर बरेली, उत्तर प्रदेश और देश का नाम आगे बढ़ाया है। खिलाड़ियों की उपलब्धियां उनके वर्षों के कठिन परिश्रम, लगन, संघर्ष और खेल के प्रति समर्पण का परिणाम हैं।
खिलाड़ियों का प्रदर्शन प्रदेश की खेल प्रतिभाओं का प्रमाण
पैरा पावरलिफ्टिंग के चेयरमैन जेपी सिंह ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करना अपने आप में बड़ी उपलब्धि है। खिलाड़ियों ने उत्तर प्रदेश के साथ पूरे देश को गौरवान्वित किया है। उनका प्रदर्शन पैरा खेलों की बढ़ती ताकत और प्रदेश में मौजूद खेल प्रतिभाओं को दर्शाता है।

बीएल एग्रो के मैनेजिंग डायरेक्टर एवं उत्तर प्रदेश पैरा स्पोर्ट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष आशीष खंडेलवाल ने कहा कि पैरा खिलाड़ियों की उपलब्धियां मानवीय इच्छाशक्ति, अनुशासन और दृढ़ संकल्प का उदाहरण हैं। प्रतिभा और महत्वाकांक्षा को आगे बढ़ने के लिए हरसंभव अवसर मिलना चाहिए। खिलाड़ियों की उपलब्धियों को पहचान देना और समावेशी खेल व्यवस्था को मजबूत करना जरूरी है।
पैरालंपिक कमेटी ऑफ इंडिया की उपाध्यक्ष सुमति मिश्रा ने कहा कि खिलाड़ियों ने साबित किया है कि निरंतर प्रयास से कोई भी चुनौती बड़ी नहीं होती।
कृष्णा पब्लिक स्कूल के बच्चों ने दी देशभक्ति गीत की प्रस्तुतिसमारोह में कृष्णा पब्लिक स्कूल, बरेली के कक्षा दो से चार तक के विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत ‘मां तुझे सलाम’ की शानदार प्रस्तुति दी।
कार्यक्रम में खिलाड़ी, कोच और अन्य गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।इन खिलाड़ियों ने जीते पदकसम्मानित खिलाड़ियों में गाजियाबाद की सिमरन शर्मा ने 100 और 200 मीटर (टी-12) में दो स्वर्ण पदक जीते। गौतमबुद्धनगर के प्रवीण कुमार ने हाई जंप (टी-64) और सुवर्णा राज ने डिस्कस थ्रो (एफ-54) में स्वर्ण पदक हासिल किया। मेरठ के आयुष वर्मा ने जैवलिन थ्रो और शॉट पुट (एफ-53) में एक स्वर्ण और एक कांस्य पदक जीता।
मुजफ्फरनगर की प्रीति पाल ने 100 और 200 मीटर (टी-35) में दो रजत पदक हासिल किए। गाजियाबाद के प्रदीप कुमार ने जैवलिन थ्रो (एफ-54), इटावा के अजीत सिंह यादव ने जैवलिन थ्रो (एफ-46), मथुरा के राम रतन सिंह ने डिस्कस थ्रो (एफ-51) और गौतमबुद्धनगर के वरुण सिंह भाटी ने हाई जंप (टी-63) में रजत पदक जीता।
मेरठ की स्वाति चौधरी ने पैरा आर्चरी (डब्ल्यू-1) में रजत और मेरठ के अनुभव चौधरी ने 100 मीटर (टी-35) में कांस्य पदक हासिल किया। उन्नाव की प्राची पांडेय ने पैरा टेबल टेनिस (क्लास-6) में कांस्य पदक जीता। पैरा बैडमिंटन खिलाड़ी सहास यथिराज को भी सम्मानित किया गया।
बीएल एग्रो समूह का परिचय: बरेली मुख्यालय वाला बीएल एग्रो एक विविध व्यावसायिक समूह है, जो खाद्य उत्पादों, एग्री-टेक, अर्थ साइंसेज और डेयरी इनोवेशन के क्षेत्र में कार्यरत है। समूह की प्रमुख कंपनी बीएल एग्रो इंडस्ट्रीज लिमिटेड की शुरुआत सरसों के कारोबार से हुई थी। इसके प्रमुख ब्रांड बैल कोल्हू और नरिश हैं।
समूह की सहायक कंपनियों में लीड्स कनेक्ट सर्विसेज और लीड्स जेनेटिक्स शामिल हैं। लीड्स कनेक्ट डेटा विश्लेषण, जोखिम प्रबंधन और टिकाऊ कृषि व्यवसाय के क्षेत्र में काम करती है, जबकि लीड्स जेनेटिक्स पशुओं के आनुवंशिक विकास और जलवायु अनुकूल नस्लों को बढ़ावा देने की दिशा में कार्यरत है।
रिपोर्ट: निर्भय सक्सेना



