22 प्रमुख भर्तियों का विवरण जारी, आरक्षण नियमों की अनदेखी और पेपर लीक मामलों पर आंदोलन की चेतावनी
बरेली। समाजवादी पार्टी ने भाजपा सरकार पर सरकारी नौकरियों की भर्तियों में आरक्षण नियमों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए इसे “पीडीए आरक्षण घोटाला” करार दिया है। पार्टी नेताओं ने कहा कि पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक (पीडीए) वर्ग के युवाओं के अधिकारों का हनन किया गया है। साथ ही चेतावनी दी कि इस मुद्दे पर पार्टी आंदोलन भी करेगी।
आरक्षण व्यवस्था से खिलवाड़ का आरोप
समाजवादी पार्टी कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव ने कहा कि प्रदेश की विभिन्न सरकारी भर्तियों में आरक्षण नियमों की अनदेखी कर पीडीए वर्ग के युवाओं के साथ अन्याय किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में संवैधानिक प्रावधानों को दरकिनार किया गया, जिससे वंचित वर्गों के युवाओं के अवसर प्रभावित हुए हैं।
बाबा साहब के सिद्धांतों की अनदेखी
शुभलेश यादव ने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने वंचित और पिछड़े वर्गों को समान अवसर दिलाने के लिए आरक्षण व्यवस्था लागू कराई थी, लेकिन वर्तमान सरकार की नीतियों से इन वर्गों के युवाओं को नुकसान पहुंच रहा है। उन्होंने पेपर लीक की घटनाओं पर भी चिंता जताई।
22 प्रमुख भर्तियों का विवरण जारी
पत्रकार वार्ता के दौरान समाजवादी पार्टी नेताओं ने वर्ष 2019 से 2026 तक की 22 प्रमुख सरकारी भर्तियों का विवरण “पीडीए आरक्षण घोटाला” नामक पत्रक के माध्यम से जारी किया। नेताओं ने दावा किया कि इन भर्तियों में आरक्षण व्यवस्था का समुचित पालन नहीं किया गया।
“भाजपा सरकार में सरकारी भर्तियों के दौरान आरक्षण नियमों की अनदेखी कर पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक (पीडीए) वर्ग के युवाओं के अधिकारों का हनन किया गया है। बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर द्वारा दिए गए संवैधानिक अधिकारों को कमजोर करने का प्रयास किया जा रहा है। समाजवादी पार्टी सामाजिक न्याय और आरक्षण की रक्षा के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी।”
शुभलेश यादव, जिलाध्यक्ष, समाजवादी पार्टी
पेपर लीक और आरक्षण मुद्दे पर भाजपा पर निशाना
सांसद नीरज मौर्य ने आरक्षण की कथित अनियमितताओं और पेपर लीक मामलों में जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई न होने को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा। वहीं पूर्व सांसद वीरपाल सिंह यादव ने कहा कि शासन लोकलाज से चलता है, लेकिन वर्तमान सरकार ने लोकलाज को भी त्याग दिया है।
जमीनी स्तर पर लड़ाई लड़ेगी सपा
पूर्व मंत्री भगवत सरन गंगवार ने कहा कि समाजवादी पार्टी पीडीए आरक्षण घोटाले के मुद्दे पर जमीनी स्तर पर संघर्ष करेगी। बहेड़ी विधायक अताउर रहमान तथा भोजीपुरा विधायक ने भी आरक्षण और नीट परीक्षा में पेपर लीक के मुद्दे पर सरकार की चुप्पी पर सवाल उठाए।
इस अवसर पर पूर्व विधायक विजय पाल, शमीम सुलतानी, पूर्व जिलाध्यक्ष अगम मौर्य, कदीर अहमद, नगर निगम में पार्षद नेता राजेश अग्रवाल, गौरव सक्सेना, शेर सिंह गंगवार और एडवोकेट सहित कई नेता मौजूद रहे।

